छतरपुर में महिला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या:घर में काम करते समय किया वार, फिर लाठी लेकर गांव में घूमते रहा आरोपी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →छतरपुर के लवकुशनगर इलाके के गौरिहार थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में बुधवार को 55 वर्षीय एक महिला की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। महिला अपने घर में काम कर रही थी, तभी आरोपी विक्रम सिंह ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर और शरीर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान सुमित्रा वंशकार (55) के रूप में हुई, जो मुन्ना वंशकार की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि महिला पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं। वह हाथ में लाठी लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा। घर के अंदर महिला का खून से लथपथ शव मिलने और आरोपी को लाठी लेकर घूमते देख ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार किया ग्रामीणों ने तुरंत डायल-100 और गौरिहार थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विक्रम सिंह को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी जब्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। पुरानी रंजिश की आशंका पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की आशंका पर पुलिस जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की मानसिक हालत की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीओपी नवीन दुबे के अनुसार, मामले में हत्या की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io