अपराध

छठ 2026 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने 52 गंगा घाटों का किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
छठ 2026 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने 52 गंगा घाटों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान नरकट घाट, लोहरवा घाट, हनुमान घाट, जजेज घाट और कंटाही घाट सहित कई घाटों पर पिछले दो दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति सामने आई।

02 नवंबर , पटना (पटना, बिहार) : छठ महापर्व 2026 के मद्देनजर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पटना नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम के साथ पथरी घाट से दीदारगंज बालू घाट तक अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल के अंतर्गत आने वाले 52 गंगा घाटों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति, गंगा के जलस्तर, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

दो दिनों में बढ़ा गंगा का जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान नरकट घाट, लोहरवा घाट, हनुमान घाट, जजेज घाट और कंटाही घाट सहित कई घाटों पर पिछले दो दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति सामने आई। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद कर्मियों की सहायता से पानी की गहराई का आकलन कराया और अधिकारियों को जलस्तर की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभव और गंगा के जलस्तर में संभावित उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। नहाय-खाय से पहले सभी संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर लाल कपड़े से घेराबंदी और पर्याप्त बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग से मजबूत होगी सुरक्षा

नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग करते समय डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बैरिकेडिंग में जाल लगाने को भी कहा, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सकें और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

दलदली जमीन के कारण टेढ़ी घाट का स्थान बदला

निरीक्षण के दौरान अजीमाबाद अंचल के टेढ़ी घाट पर पूर्व में चिह्नित छठ घाट की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित स्थल अभी भी दलदली है। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छठ घाट को एक पिलर आगे स्थानांतरित कर दिया गया है।

नगर आयुक्त ने टेढ़ी घाट, महाराज घाट और केशव घाट के पहुंच पथ को बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बीएसआरडीसी) द्वारा निर्माणाधीन सड़क से जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो।

गाय घाट से निर्माण उपकरण हटाने का निर्देश

गाय घाट पर महात्मा गांधी सेतु के समानांतर पुल का निर्माण कार्य जारी है। छठ महापर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि को घाट क्षेत्र से सभी मशीनें और निर्माण उपकरण हटाने का निर्देश दिया। निर्माण एजेंसी द्वारा छठ महापर्व के बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

कच्चे घाटों पर सीढ़ियों और पहुंच पथ का होगा निर्माण

निरीक्षण के दौरान कई कच्चे घाटों पर मिट्टी के कटाव से बड़े-बड़े गड्ढे बनने तथा पहुंच पथ पर गाद और मिट्टी जमा होने की समस्या सामने आई। नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को घाटों पर सीढ़ियों का निर्माण कराने, गड्ढों की मरम्मत करने और पहुंच पथ को सुगम बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

दुर्घटना संभावित स्थलों की घेराबंदी, पक्के घाटों का होगा सौंदर्यीकरण

पटना नगर निगम की ओर से बिजली के खंभों, गड्ढों और दलदली क्षेत्रों को चिह्नित कर लाल कपड़े से घेराबंदी की जा रही है। वहीं, पक्के घाटों पर बाढ़ के बाद जमा गाद की सफाई और पोर्टिको सहित अन्य संरचनाओं के रंग-रोगन का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते

छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से कच्चे घाटों पर इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रहे और किसी एक स्थान पर भीड़ का दबाव न बने।

अंत में नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।