छठ पर गोरखपुर के घाटों पर बनेंगे आर्टिफिशियल पोखरा:नगर निगम का जीरो वेस्ट इवेंट पर जोर; CCTV से होती रहेंगी निगरानी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →गोरखपुर नगर निगम ने छठ महापर्व और महालक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख घाटों पर कृत्रिम पोखर बनाए जा रहे हैं। इन पोखरों में समय से पानी भरने, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग करने और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही छठ पर्व के दौरान घाटों पर 24 घंटे सफाईकर्मियों की तैनाती रहेगी। नगर आयुक्त अजय जैन ने मंगलवार को गोरखनाथ घाट, रामघाट, राजघाट, एकला बांध और तकिया घाट समेत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य दो दिन के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि छठ पर्व और मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में सुरक्षा, साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सभी घाटों और कृत्रिम पोखरों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा और विसर्जन कर सकें। पोखरों में पानी भरने से लेकर सफाई तक की जिम्मेदारी तय नगर आयुक्त ने कृत्रिम पोखरों में समय से पानी भरवाने और उनके आसपास के पहुंच मार्गों को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया।
घाटों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था कराने के साथ सफाई कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पोखर पर अवर अभियंता, सफाई निरीक्षक और सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाए। मूर्ति विसर्जन पूरा होने के बाद पोखरों की गहन सफाई कराई जाए, ताकि वहां गंदगी न फैले।
गोरक्षघाट पर निरीक्षण के दौरान मिट्टी हटाकर घाटों को समतल करने, पॉलिथीन चुनवाने और जगह-जगह डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को कूड़ा फेंकने के लिए पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएं। सफाई व्यवस्था ऐसी हो कि पूजा के दौरान और उसके बाद भी घाटों पर गंदगी न दिखाई दे।
छठ पर्व को जीरो वेस्ट इवेंट बनाने की तैयारी नगर निगम इस बार छठ पर्व को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पूजा के दौरान लगातार सफाई होती रहे। नगर आयुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि वे पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें।
नदी में पॉलिथीन और पूजन सामग्री न डालें। पूजन सामग्री और अन्य कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें, जिससे नदियों और घाटों को स्वच्छ रखा जा सके। कपड़ों और फूलों से सजेंगे घाट, बनेंगे स्वागत द्वार नगर आयुक्त ने घाटों को आकर्षक ढंग से सजाने के भी निर्देश दिए। कृत्रिम पोखरों तक पहुंचने वाले रास्तों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।
पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी घाटों को कपड़ों और फूलों से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए निर्माण और सफाई विभाग आपसी समन्वय से काम करें। पूजा के बाद पोखरों से निकाला जाएगा पानी तकिया घाट पर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने विशेष रूप से कृत्रिम पोखरों की तैयारियों को देखा।
उन्होंने निर्माण विभाग को दो दिन के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि छठ पर्व समाप्त होने के बाद पोखरों में भरे पानी को निकलवाया जाए और उनमें मिट्टी डालकर समतल कराया जाए, ताकि पानी जमा न रहे और गंदगी की समस्या पैदा न हो। इसके लिए संबंधित अभियंताओं की जिम्मेदारी भी तय करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व और मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
📡 स्रोत: NewsData.io
💡 पृष्ठभूमि (Background)
गोरखपुर नगर निगम छठ महापर्व के दौरान घाटों पर आर्टिफिशियल पोखर बनाने की योजना बना रहा है। यह कदम श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। नगर निगम ने पानी भरने, बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था के साथ 24 घंटे सफाईकर्मियों की तैनाती भी तय की है। यह पहल नगर के शून्य कचरा अभियान के तहत है, जिससे पर्यावरण स्वच्छ रहेगा और भीड़-भाड़ कम होगी। आम जनता को साफ-सुथरे घाटों पर आराम से पूजा-अर्चना का अनुभव मिलेगा, और पर्यटन के लिए शहर की छवि भी बेहतर होगी।