छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 29 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह कल राजधानी रायपुर में संपन्न हुआ। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया।
साहित्यिक कृतियों के विमोचन, छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म के लोकार्पण, साहित्यकारों के सम्मान, साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन से सुसज्जित यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और भाषायी स्वाभिमान का साक्षी बना।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा के अधिकाधिक उपयोग तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का आह्वान किया।
समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए साहित्यकार, कवि, लेखक एवं छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमी उपस्थित रहे।