खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण संपन्न, मैनपाट टाइटंस ने जीता खिताब

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण संपन्न, मैनपाट टाइटंस ने जीता खिताब

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण का खिताब मैनपाट टाइटंस ने अपने नाम कर लिया है। राजधानी रायपुर में खेले गए फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। दस दिनों तक चली इस लीग में प्रदेश की छह टीमों के 108 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को पूरे देश के लिए एक रोल मॉडल बताया। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने इसे प्रदेश के खेल इतिहास का ऐतिहासिक आयोजन बताया।

इस आयोजन और भविष्य की योजनाओं को लेकर हमारे संवाददाता संदीप सिंह ठाकुर ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से खास बातचीत की।

प्रतियोगिता में विजेता मैनपाट टाइटंस को 11 लाख रुपये और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, 13 गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति को टॉप स्कोरर और हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। वहीं, मोहित नायक सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी और संदीप कुमार अंडर-21 इमर्जिंग प्लेयर बने।

समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने लीग की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि हॉकी देश का गौरव है और इस तरह के आयोजनों से नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से गांवों और जनजातीय अंचलों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन और भविष्य की योजनाओं को लेकर हमारे संवाददाता संदीप सिंह ठाकुर ने उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव से खास बातचीत की। मंत्री साव ने बताया कि राज्य सरकार की पहल पर पहली बार आयोजित इस लीग को सफल बनाने में व्यापार जगत, हॉकी संघ, अधिकारियों और मुख्यमंत्री का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में प्रदेश के 108 खिलाड़ियों को ओलंपियन खिलाड़ियों के साथ खेलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लीग का लाभ केवल मैदान में खेलने वाले 108 खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे प्रदेश के हजारों हॉकी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले वर्षों में भी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का नियमित आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण मैनपाट टाइटंस की जीत के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

बाइट – अरुण साव, उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री, छत्तीसगढ़

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।