छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का समापन, मैनपाट टाइटंस ने जीता पहला खिताब; मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री मांडविया ने किया पुरस्कार वितरण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन संस्करण का समापन राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुआ। फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी टाइटंस को 4-2 से हराकर पहला खिताब अपने नाम किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह शामिल हुए।
प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक मंच पर खेलने, अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन को देश के लिए एक मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से इस तरह के सफल आयोजन संभव होते हैं। ऐसे आयोजन खेलों के विकास के साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
बाइट – डॉ. मनसुख मांडविया
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल के रूप में सामने आया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को व्यापक दर्शक वर्ग तक अपनी प्रतिभा पहुंचाने का अवसर मिला। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति और भाषा से भी जोड़ा।