व्यापार

छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार

रायपुर, 26 नवंबर 2026

प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल एवं अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल की फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक हुई। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी एवं संचालक कृषि राहुल देव शामिल थे।

इस अवसर पर भारत से विदेश सेवा के अधिकारी काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया आर्स निसार, भी उपस्थित थी।

बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं तथा यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जेप्टरों ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।

गौरतलब है कि उक्त संस्था भारत सहित विभिन्न देशों व राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करती है।

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

कृषि मंत्री श्री नेताम के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को केवल विदेशी बाजार ही नहीं, बल्कि एक विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकेगी।

धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक छत्तीसगढ़ की यह यात्रा प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और किसानों की आर्थिक समृद्धि के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रवेश दिलाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में एक नई पहल की गई है। यह कदम पारंपरिक सुगंधित चावल और अन्य विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ताओं तक पहुँचाने का उद्देश्य रखता है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयाँ मिल सकती हैं और किसानों को बेहतर दाम मिल सकते हैं। यदि यह पहल सफल होती है तो आम जनता को ताज़ा, उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ सुलभ होंगे और ग्रामीण रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।