राज्य

छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम सावरवानी और चिमटीपुर को ‘अनएक्सप्लोर्ड इंडिया’ पैकेज में किया गया शामिल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम सावरवानी और चिमटीपुर को ‘अनएक्सप्लोर्ड इंडिया’ पैकेज में किया गया शामिल

जिले के पर्यटन ग्राम सावरवानी और चिमटीपुर को मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं इंडिया हाइक्स की पहल ‘अनएक्सप्लोरड इंडिया’ पैकेज में शामिल किया गया है। इसके जरिए दोनों गांवों को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल रही है। मुंबई, दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित देश के 10 बड़े शहरों से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। अक्टूबर से शुरू हुआ यह पैकेज जनवरी तक चलेगा।

पर्यटक सतपुड़ा की प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और ग्रामीण जीवनशैली का अनुभव ले रहे हैं। होम स्टे में ठहरने के साथ सप्तधारा, राजाखोह ट्रेकिंग और अनहोनी मंदिर जैसे स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। वहीं लोक संगीत, लोक नृत्य, बैलगाड़ी की सवारी और जंगलों में पक्षियों व वन्यजीवों को देखने का अवसर भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।

इस पहल से सावरवानी और चिमटीपुर के होम स्टे को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति और परंपराओं के बीच सुकून तलाशने वाले पर्यटकों के लिए छिंदवाड़ा के ये गांव ग्रामीण पर्यटन के नए आकर्षण बनकर उभर रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।