अपराध

चिट्टे के खिलाफ जागरूकता के साथ तस्करों पर कार्रवाई भी जारी रहेगी: मुकेश अग्निहोत्री

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
चिट्टे के खिलाफ जागरूकता के साथ तस्करों पर कार्रवाई भी जारी रहेगी: मुकेश अग्निहोत्री

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्यमंत्री संग एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में हुए शामिल

सितंबर 16,ऊना (हिमाचल प्रदेश): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में शामिल हुए। इंदिरा स्टेडियम से बस स्टैंड तक आयोजित इस वॉकथॉन में 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसमें जिला भर के स्कूलों के बच्चों की संख्या सबसे अधिक रही।

स्कूलों के बच्चों के साथ कॉलेजों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने भी इसमें भाग लिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ प्रदेशव्यापी मुहिम चल रही है। चिट्टा केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की समस्या है। बाहर से होने वाली इसकी सप्लाई के कारण इसका प्रकोप प्रदेश के हर कोने तक पहुंच गया है।

ऐसे में बच्चों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऊना में आयोजित वॉकथॉन के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को चिट्टे से दूर रहने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जागरूकता के साथ-साथ चिट्टे के तस्करों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। तस्करी में संलिप्त लोगों की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

चिट्टे से जुड़े मामलों में दो दर्जन से अधिक सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है। वहीं, नशे का सेवन करने वालों को चिट्टा छोड़ने में मदद देने के लिए भी सरकार कार्य कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की लड़ाई है। हिमाचल पुलिस तस्करों के खिलाफ अच्छा काम कर रही है।

इस अभियान में पंचायतों को भी शामिल किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टे की तस्करी में महिलाओं और लड़कियों की संलिप्तता के मामले भी सामने आ रहे हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों और केंद्र के साथ समन्वय कर संयुक्त अभियान भी चलाए जा रहे हैं। चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए कानून में आवश्यक संशोधनों पर भी काम किया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री से भी मुलाकात कर चर्चा की गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल को चिट्टा मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा और इसके साथ ही तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में हजारों बच्चों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से बड़ा संदेश गया है। सरकार हर वर्ग को साथ लेकर कदम से कदम मिलाकर चिट्टे के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।

🎙️ जनता का संदेश का मत

चिट्टा तस्करी के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई से हम समाज की सुरक्षा को सुदृढ़ कर रहे हैं। जब भी किसी अवैध व्यापार का सामना हो, तो कानून के मार्ग पर चलें, पुलिस को सूचना दें और सार्वजनिक जागरूकता फैलाएँ। बच्चों को सही मूल्यों से लैस करके हम भविष्य की पीढ़ी को अपराध से दूर रख सकते हैं। इस प्रयास में हर नागरिक का योगदान ज़रूरी है, ताकि हम मिलकर एक सुरक्षित, समृद्ध समाज का निर्माण करें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।