चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या:रेवाड़ी में फार्म हाउस में शव दबाया; मरने वाला राजस्थान का रहने वाला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →रेवाड़ी में 14 एकड़ के फार्म हाउस से युवक का शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने तीन बिंदुओं पर जांच शुरू की है। पुलिस का पहला शक है कि युवक की चोरी के शक में पिटाई की गई। उसकी मौत होने के बाद हमलावर घबरा गए। वे युवक को अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस केस बनने के डर से शव को फार्म हाउस में बनी डेयरी में 3 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया।
दूसरा शक यह है कि युवक आरोपियों का दोस्त या जानकार हो सकता है। पहले सभी ने मिलकर पार्टी की, लेकिन किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मारपीट में युवक की मौत हो गई। तीसरे बिंदु में रंजिश, लेनदेन और प्रेम प्रसंग की थ्योरी भी शामिल है। हालांकि, पुलिस का फोकस चोरी के शक वाली थ्योरी पर ज्यादा है।
एसएचओ भी कह चुके हैं कि यह मामला रंजिश से ज्यादा चोरी का लग रहा है। फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक निसार (33) राजस्थान में अलवर जिले के दमदमा का रहने वाला था। पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं। साथ ही डेयरी के उन नौकरों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई है, जिन्होंने कार से शव उतारते हुए देखा था।
पुलिस ने इसके लिए फार्म हाउस मालिक और उसके बेटे से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों फरार बताए गए हैं। ऐसे में पुलिस को उन पर भी शक है। मर्डर के पीछे की यह बताई जा रही कहानी...
SHO बोले- रंजिश का मामला नहीं धारूहेड़ा थाना SHO फूल कुमार ने बताया कि अभी तक किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि, जांच में कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिससे मामला रंजिश की बजाय चोरी का ही लग रहा है। वास्तविक कारणों का पता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चल पाएगा। फार्म हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
📡 स्रोत: NewsData.io