अपराध

चुनौतियों के समाधान में अंतर्विभागीय समन्वय जरुरी : राज्यपाल श्री पटेल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
चुनौतियों के समाधान में अंतर्विभागीय समन्वय जरुरी : राज्यपाल श्री पटेल

उन्होंने कहा कि योजना अंतर्गत हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी पंचायत पदाधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से लेकर क्षेत्र के अन्य सभी अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। लक्षित समुदाय के उत्थान के लिए अंतर विभागीय समन्वय के साथ चुनौतियों के समाधान खोजे जाने और क्रियान्वयन की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

राज्यपाल श्री पटेल बुधवार को लोकभवन के संदीपनी सभाकक्ष में जनजाति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का आयोजन प्रधानमंत्री जन मन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना में महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका की समीक्षा के लिए किया गया था।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ ही शिक्षा की चिंता भी की जानी चाहिए। उनके लिए छात्रावास जैसी पहल पर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए छोटी-छोटी व्यावहारिक बातों पर भी ध्यान दिया जाना बहुत जरूरी है, कई बार उनकी उपेक्षा बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। इसलिए जरूरी है कि कार्यों की समीक्षा बारीकी के साथ की जानी चाहिए।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मातृ शिशु स्वास्थ्य और पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों तक बारहमासी पहुंच को सुनिश्चित किया जाए। आंगनवाड़ी भवनों के गुणवत्ता पूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण विकास विभाग और महिला बाल विकास विभाग संयुक्त निरीक्षण की पहल करें। अति पिछड़ी जनजातीय समुदाय की महिलाओं को मिलने वाली योजनाओं आहार, अनुदान और लाडली बहन के क्रियान्वयन संबंधी प्रक्रियाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किया जाए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।