कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में नंदलाल को दी गई अंतिम विदाई, पार्थिव शरीर रामपुर रवाना, नेताओं ने बताया अपूरणीय क्षति
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 03, शिमला (हिमाचल प्रदेश): रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और 7वें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल के निधन से शिमला सहित रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। आज उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन लाया गया, जहां कांग्रेस सरकार के मंत्रियों, विधायकों के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
राजीव भवन में अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को शिमला से रामपुर के लिए रवाना किया गया। रामपुर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। हर्षवर्धन चौहान ने सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल के निधन को कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा आघात बताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल नेक इंसान थे और पार्टी में उनका बड़ा कद था।
राजनीति में आने से पहले उन्होंने पैरामिलिट्री में सेवाएं दीं और देश के बड़े नेताओं के सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं। उनके जाने से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है। लंबे समय से अस्वस्थ होने के बावजूद वह लगातार लोगों से मिलते रहते थे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने एक वरिष्ठ राजनेता खो दिया है।
नंदलाल अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए विशेष पहचान रखते थे। एक ही विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव जीतना आसान नहीं होता, लेकिन नंदलाल ने अपने समर्पण और जनसेवा की भावना के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल के निधन पर गहरा दुख जताया।
उन्होंने कहा कि नंद लाल का निधन प्रदेश और रामपुर क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। नंद लाल केवल एक राजनेता ही नहीं थे, बल्कि अर्धसैनिक बलों से भी जुड़े रहे और उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हिमाचल कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रामपुर के विधायक नंद लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने उनके निधन को प्रदेश और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। नंद लाल के जाने से पार्टी और क्षेत्र ने एक वरिष्ठ नेता खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।