दमोह - फ्रिज फटने से लगी आग के बीच घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दमोह के डायल-112 जवानों ने फ्रिज फटने से लगी आग के बीच घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
घर में रखे दो गैस सिलेंडर भी तत्परता से बाहर निकाले
सूझबूझ एवं साहस से टली बड़ी दुर्घटना
दमोह जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में फ्रिज फटने से मकान में लगी आग के दौरान डायल-112 के जवानों ने त्वरित कार्रवाई एवं साहस का परिचय देते हुए घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों ने घर में रखे दो गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकालकर संभावित बड़ी दुर्घटना एवं जनहानि का खतरा टाल दिया।
18 नवंबर की रात्रि लगभग 02:21 बजे बेदरा मस्जिद के पास एक मकान में फ्रिज फटने से आग लगने एवं घर में लोगों के फंसे होने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना पर दमोह कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल एफआरवी क्रमांक-04 एवं एफआरवी क्रमांक-01 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही थाना कोतवाली, फायर ब्रिगेड एवं विद्युत विभाग (MPEB) को भी सूचित कर आवश्यक सहायता सुनिश्चित की गई।
डायल-112 के जवान आरक्षक श्री रानू राय, आरक्षक श्री भूपेंद्र पांडे, पायलट श्री हरिशंकर एवं पायलट श्री अनिल आठिया ने मौके पर पहुंचकर आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। जवानों ने घर के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को भी सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इसी दौरान फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई तथा MPEB द्वारा विद्युत सप्लाई बंद की गई।
आग जैसी आपात स्थिति में डायल-112 जवानों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना त्वरित निर्णय लेकर लोगों को सुरक्षित निकालने और गैस सिलेंडरों को बाहर करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनकी सजगता, सूझबूझ एवं साहसिक कार्रवाई से संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई। मध्यप्रदेश पुलिस की यह कार्रवाई आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेखनीय उदाहरण है।