राजनीति

दशरथ ने जनक को दिया राम की लगुन-सगाई का न्योता:बैंड-बाजों के साथ जनक निवास पहुंचे, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दशरथ ने जनक को दिया राम की लगुन-सगाई का न्योता:बैंड-बाजों के साथ जनक निवास पहुंचे, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

आगरा में श्रीराम की लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत का आयोजन सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में होगा। इससे पहले रविवार को राजा दशरथ परिवार सहित राजा जनक के निवास पर पहुंचे और उन्हें विवाहोत्सव का निमंत्रण दिया। नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर से बैंड-बाजों के साथ निकली न्योता यात्रा में अयोध्या और मिथिला की परंपराएं जीवंत हो उठीं।

जनक निवास पहुंचने पर दशरथ और कौशल्या का मोतियों की माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने ‘लगुन आई हरे हरे’ सहित मंगल गीत गाए। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। रामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल (सादाबाद) और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल परिवार सहित शगुन की थालियां लेकर पहुंचे।

इनमें फल, मेवा, मिष्ठान और रजत जड़ित आमंत्रण पत्र शामिल था। श्री अग्रवाल बैंड की धुन पर परिवार के सदस्य नृत्य करते हुए जनक निवास पहुंचे। यहां राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल ने परिवार सहित उनका स्वागत किया। शगुन की थाली भेंट कर राजा दशरथ ने राजा जनक को प्रभु श्रीराम की लगुन-सगाई में शामिल होने का न्योता दिया।

इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए। बच्चों और परिवार के सदस्यों ने भी नृत्य कर उत्सव में भाग लिया। दोनों परिवारों के मिलन से जनक निवास में विवाह की रस्मों जैसा माहौल बन गया। 7 अक्टूबर को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल ने बताया कि सोमवार को अग्रवन में श्रीराम की लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत का कार्यक्रम होगा।

इसी आयोजन का निमंत्रण लेकर वह परिवार सहित राजा जनक के निवास पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा दोनों परिवारों को प्रेम और आत्मीयता से जोड़ने का अवसर है। रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने बताया कि 7 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत तुलसी-शालिग्राम विवाह आयोजित होगा। उनके परिवार की ओर से शालिग्राम जी को दूल्हे के रूप में विवाह स्थल तक ले जाया जाएगा।

चार वर्ष पहले अमरकंटक के महंत ने उन्हें शालिग्राम जी प्रदान किए थे। इस बार उन्हें विद्युत सज्जा से सजे सिंहासन पर विराजमान कर राम बारात में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शालिग्राम जी के लिए वृंदावन से विशेष श्रृंगार और पोशाक तैयार करवाई गई है। तुलसी विवाह के लिए घर में विशेष क्यारी भी बनवाई गई है, जहां मां तुलसी का स्वागत कर उन्हें विराजमान किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित इस अवसर पर राजा दशरथ परिवार से आयुषी गर्ग, कृष्णा गर्ग, रजत सिंघल, निमिषा सिंघल, क्रियांश, अनिका, जय आदित्य और प्रथमय मौजूद रहे। जनक परिवार से शोभित गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल, कमल नयन, सुनीता मित्तल, अनुप्रिया गोयल, मंजू बंसल, रामू गोयल, नरेश मंगल, शुभम अग्रवाल, शैंकी, शिल्पी, शिप्रा, निक्की, मंजू और आयुषी उपस्थित रहे।

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, मोनिका जौहरी, अंजुल बंसल, रामकिशन अग्रवाल, राकेश जैन, संजय तिवारी, राहुल गौतम, रमांशु शर्मा, विकास अग्रवाल तथा जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव, मनोज बंसल, संतोष कटारा, संजय गोयल, अरविंद शर्मा, अजय गर्ग अवागढ़, प्रशांत जैन, पंकज पाठक, शुचि खंडेलवाल और ऋषि खंडेलवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।