दौसा में 154 शहीदों को नमन, SP सहित पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दौसा पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस पर SP कुंदन कंवरिया सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने 154 शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के बाद पौधारोपण और रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें SP सहित अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान किया।
दौसा, 21 अक्टूबर। पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर दौसा पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम में देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में SP कुंदन कंवरिया ने शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर दौसा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा, लालसोट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।
पुलिस शहीद दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखने और पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान किया। इस पहल के जरिए जरूरतमंद मरीजों की मदद करने और समाजसेवा का संदेश दिया गया।
पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों के माध्यम से उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।
बाइट - कुंदन कंवरिया, एसपी दौसा