राजनीति

दवाओं के सुरक्षित उपयोग से स्वस्थ भारत का संकल्प होगा साकार, फार्मासिस्ट बनें जनस्वास्थ्य के प्रहरी : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 23 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दवाओं के सुरक्षित उपयोग से स्वस्थ भारत का संकल्प होगा साकार, फार्मासिस्ट बनें जनस्वास्थ्य के प्रहरी : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल पर रोक और जनजागरूकता के लिए फार्मासिस्टों से किया आह्वान, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के नवीन भवन निर्माण के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन

भोपाल, 23 नवंबर 2026। स्वस्थ भारत के निर्माण में फार्मासिस्टों की भूमिका केवल दवाओं के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य की रक्षा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। फार्मेसी सेवा, संवेदनशीलता और मानवता के प्रति समर्पण का क्षेत्र है। फार्मासिस्टों को दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति समाज को जागरूक करने के साथ एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल को रोकने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

यह बात उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली और मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’ रही। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मेसी केवल मुनाफे का व्यवसाय नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। मरीजों तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाने और उनके सही उपयोग के बारे में मार्गदर्शन देने में फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

एंटीबायोटिक का अनुचित इस्तेमाल बन सकता है गंभीर चुनौती

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की बढ़ती चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अनुचित उपयोग जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक लेना या निर्धारित तरीके से अलग इनका इस्तेमाल करना रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का कारण बन सकता है। इससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए स्वस्थ भारत का निर्माण आवश्यक है। एएमआर जैसी चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के साथ आम नागरिकों को भी जागरूक करना होगा। दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और सही चिकित्सकीय सलाह का पालन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

बिना चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक न दें फार्मासिस्ट

उपमुख्यमंत्री ने फार्मासिस्टों से आह्वान किया कि वे चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही एंटीबायोटिक और अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवाओं का वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दवा विक्रय में व्यावसायिक हितों से अधिक प्राथमिकता मरीजों की सुरक्षा और समाज के प्रति जिम्मेदारी को दी जानी चाहिए।

उन्होंने फार्मासिस्टों से बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री नहीं करने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही लोगों को दवाओं की निर्धारित खुराक, सेवन की अवधि और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्टों का सजग और जिम्मेदार व्यवहार एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में प्रभावी योगदान दे सकता है।

आयुष्मान भारत से जरूरतमंद परिवारों की बेहतर उपचार तक पहुंच आसान

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच सुगम हुई है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तथा सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के नागरिकों को अपने निकटतम स्वास्थ्य संस्थान में ही बेहतर जांच, आवश्यक दवाइयां और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो। इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का विस्तार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

राज्य फार्मेसी काउंसिल के नए भवन के प्रस्ताव पर शीघ्र होगी पहल

उपमुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल द्वारा फार्मेसी विद्यार्थियों एवं फार्मासिस्टों के पंजीयन की प्रक्रिया को समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और फार्मासिस्टों को पंजीयन संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समय पर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के नवीन भवन निर्माण की अनुमति से संबंधित प्रस्ताव पर उपमुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सेवा, संवेदनशीलता और नैतिकता को बनाएं कार्य का आधार

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि फार्मासिस्ट मरीजों को सही दवा, सही मात्रा और सही समय पर दवा के सेवन के संबंध में मार्गदर्शन देकर उपचार की प्रभावशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों और पेशेवरों से सेवा, संवेदनशीलता एवं नैतिक मूल्यों को अपने कार्य का आधार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, राज्य सह-संयोजक एवं एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. शैलेश जैन, राज्य समन्वयक एवं लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कुमार जैन सहित फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, प्राध्यापक, विद्यार्थी और फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।