देहरादून में जाम से निजात दिलाने के लिए बनेगी व्यापक कार्ययोजना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देहरादून मेंजाम से निजात दिलाने के लिए बनेगी व्यापक कार्ययोजनादेहरादून शहर की यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार और जाम की समस्या के समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
29 अक्तूबर 2026, देहरादून: देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार और जाम की समस्या के समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सड़कों, पार्किंग व्यवस्था और मसूरी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों तक यातायात सुगम बनाने के उपायों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण को यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और टाउन प्लानर के साथ समन्वय कर मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें वैकल्पिक मार्गों, जंक्शन सुधारीकरण, नए पार्किंग स्थलों और सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने मसूरी और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शहर के बाहर से आवाजाही की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा। साथ ही, मसूरी में पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने और शटल सेवा की प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटन सीजन में शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि पूर्व में तैयार योजना के तहत 23 स्थानों पर पार्किंग प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने इन स्थलों की उपयोगिता और व्यवहार्यता की समीक्षा करने तथा यह आकलन करने को कहा कि वहां पार्किंग बनने से यातायात का दबाव कितना कम हो सकेगा।
डॉ. चौहान ने अधिकारियों को तत्काल किए जा सकने वाले सुधारों और दीर्घकालिक विकास कार्यों की अलग-अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके तहत यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में सुधार के साथ नए पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक मार्गों के विकास पर विचार किया जाएगा।