राज्य

दिल्ली एग्री-हॉर्टिकल्चर एक्सपो में हिमाचल के स्टॉल को मिला प्रथम पुरस्कार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दिल्ली एग्री-हॉर्टिकल्चर एक्सपो में हिमाचल के स्टॉल को मिला प्रथम पुरस्कार

अक्तूबर 26, शिमला (हिमाचल प्रदेश): दिल्ली में 23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित इंडिया एग्री, ऑर्गेनिक हॉर्टी एंड टेक एक्सपो-2026 में हिमाचल प्रदेश सरकार के बागवानी विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एक्सपो में ड्यूटी पर गए उपनिदेशक उद्यान डॉ. बी.एस. नेगी ने बताया कि इस उपलब्धि से प्रदेश की समृद्ध बागवानी विरासत, फल विविधता और आधुनिक बागवानी के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल पर जीआई टैग प्राप्त हिमाचली सेब के साथ ब्लूबेरी, ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, कीवी, सीबकथॉर्न, मशरूम, विभिन्न प्रकार के नट्स और अन्य विशिष्ट बागवानी उत्पाद प्रदर्शित किए गए। डॉ. नेगी ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियों में फल उत्पादन की संभावनाओं और बागवानी में फसल विविधीकरण के महत्व को रेखांकित किया गया।

साथ ही, नवीन फल प्रजातियों और आधुनिक उत्पादन तकनीकों के जरिए बागवानों के लिए आय के नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं भी प्रस्तुत की गईं। उन्होंने बताया कि एक्सपो का मुख्य विषय ‘एडवांसिंग फ्रूट कल्टिवेशन एंड हॉर्टिकल्चरल लाइवलीहुड्स’ रहा, जिसके अनुरूप हिमाचल की प्रदर्शनी में फल उत्पादन को बढ़ावा देने और बागवानी आधारित आजीविका को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

मशरूम उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज, नवीन फसलों को अपनाने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। उप निदेशक उद्यान के अनुसार, इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में भागीदारी से बागवानी क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और नई तकनीकों की जानकारी मिलती है। इन तकनीकों को प्रदेश के बागवानों तक पहुंचाकर उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने, फसलों में विविधता लाने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा सकता है।

डॉ. नेगी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के बागवानी विभाग के स्टॉल को प्रथम पुरस्कार मिलना प्रदेश की बागवानी क्षमता और विविध उत्पादों की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है। एक्सपो में हिमाचल प्रदेश की ओर से विषय वस्तु विशेषज्ञ (बागवानी) डॉ. सुरेश नेगी तथा उद्यान विकास अधिकारी डॉ. संतोष मेहता और डॉ. प्रवीण मेहता ने भाग लिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।