अपराध

दिल्ली की महारैली में हमीरपुर से भी जाएंगे हजारों लोग: सुनील कुमार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दिल्ली की महारैली में हमीरपुर से भी जाएंगे हजारों लोग: सुनील कुमार

अधिक से अधिक लोगों को लामबंद करने के लिए सुनील शर्मा बिट्टू भी फील्ड में कर रहे हैं संपर्क

अक्तूबर 30, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): ब्लॉक कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की महारैली में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग भाग लेंगे। सुनील कुमार ने बताया कि इस महारैली में अधिक से अधिक पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों को ले जाने के लिए पार्टी की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस महारैली के लिए हमीरपुर से अधिक से अधिक लोगों को लामबंद करने के लिए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू भी लगातार प्रयासरत हैं और स्वयं पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से संपर्क कर रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूचियों से काटने के प्रयासों से देश की जनता में भारी आक्रोश है।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ भी लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। देशवासी मोदी सरकार के 12 साल के कुशासन से तंग आ चुके हैं। इनके खिलाफ कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी द्वारा आरंभ किए गए आंदोलन को देश की जनता का भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इसलिए, रामलीला में होने जा रही महारैली अपने आपमें एक ऐतिहासिक रैली होगी और इसमें हमीरपुर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।