डेनमार्क संग हरित विकास की नई कार्ययोजना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के पहले चरण की सफलता के बाद डेनमार्क के साथ सहयोग की नई कार्ययोजना पर काम होगा। ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, नदी पुनर्जीवन, खाद्य प्रसंस्करण और स्मार्ट शहरी विकास में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति बनी।
जयपुर, 28 सितम्बर: मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में डेनमार्क के राजदूत श्री रासमस अबील्डगार्ड क्रिस्टेंसन के साथ द्विपक्षीय सहयोग को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के पहले चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन और नदी पुनर्जीवन के क्षेत्रों में डेनमार्क के अनुभव एवं तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने पर सहमति बनी। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में सहयोग और साझेदारी को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
शहरी विकास और जल आपूर्ति की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इन तकनीकों के माध्यम से शहरी सेवाओं की निगरानी और जल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में दोनों पक्षों ने हरित विकास, जल संरक्षण, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्रों में आपसी साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।