देश में अराजकता का माहौल बना रहे राहुल गांधी: बिंदल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बोले: केंद्र में चुनी हुई सरकार को गिराने की हो रहीं कोशिश
अक्तूबर 31, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। बिंदल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल पैदा करने और केंद्र की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर देश विरोधी शक्तियों के साथ सांठगांठ करने का भी आरोप लगाया।
पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद नाहन में राजीव बिंदल मीडिया से बातचीत कर रहे थे। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है और देश की चुनी हुई सरकार को गिराने की एक सोची समझी साजिश देश मे राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश विरोधी शक्तियों के साथ मिलकर कांग्रेस देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को कई चुनावों में करारा जवाब दिया है। कई राज्यों में कांग्रेस पिछले 30 से 40 वर्षों से सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी की हताशा अब सड़कों पर दिखाई दे रही है।
बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग का नाम लेकर देश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद देश में बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना है। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बिंदल ने कर्ज और टैक्स कलेक्शन का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने करीब 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और लगभग 45 हजार करोड़ रुपये टैक्स के रूप में एकत्रित किए हैं। ऐसे में सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए कि इतना पैसा आखिर कहां खर्च हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की नीतियों से तंग आ चुकी है।
बाईट: डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश अध्यक्ष,भाजपा, हिमाचल