आज देश के कई राज्यों में बीजेपी SIR के समर्थन में करेगी पदयात्रा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
04 नवंबर, नई दिल्ली : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के समर्थन और विपक्ष के आरोपों के जवाब में भारतीय जनता पार्टी का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में बीजेपी आज देश के कई राज्यों में पदयात्राओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा पदयात्रा में शामिल होंगे। वहीं, राजस्थान के उदयपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे इस अभियान में भाग लेंगे।
राजधानी दिल्ली में भी केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता अभियान में हिस्सा लेंगे। उधर, बिहार के पूर्णिया में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पदयात्रा में शामिल होंगे। बीजेपी का कहना है कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बनाए रखना इस अभियान के प्रमुख उद्देश्य हैं।
पार्टी इन पदयात्राओं के माध्यम से SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है।