देश

देश को पहला पृथ्‍वी अवलोकन उपग्रह मिला, प्रधानमंत्री ने इसरो को बधाई दी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
देश को पहला पृथ्‍वी अवलोकन उपग्रह मिला, प्रधानमंत्री ने इसरो को बधाई दी

रायपुर, 4 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसएलवी-एफ17 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि यह सफलता भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की उत्कृष्टता, नवाचार और बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी से देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ताकत और विस्तार मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने इसे इसरो की शानदार उपलब्धि और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीएसएलवी-एफ17 के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि ईओएस-05 भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को मजबूत करता है और इसके अंतरिक्ष कार्यक्रम की बढ़ती आधुनिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी नवाचार को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दे रही है, स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत कर रही है और अंतरिक्ष संबंधी महत्वाकांक्षाओं के लिए नए रास्ते खोल रही है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश लगातार एक प्रगतिशील, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ई.ओ.एस-05 वाले जी.एस.एल.वी-एफ 17 के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. सिंह ने कहा कि ई.ओ.एस-05 अत्याधुनिक पृथ्वी अवलोकन और भू-समकालिक कक्षा से प्रक्षेपित भारत का पहला इमेजिंग उपग्रह है। यह उपग्रह दृश्यमान, इन्फ्रारेड, मल्टी-स्पेक्ट्रल और हाइपर-स्पेक्ट्रल माध्यमों से तस्वीरें लेने में सक्षम है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की अंतरिक्ष क्षमताएं लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और इससे वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में भारत की स्थिति और मजबूत हो रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।