अपराध

देश की सकारात्मक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का उत्कृष्ट माध्यम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
देश की सकारात्मक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का उत्कृष्ट माध्यम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का उत्कृष्ट माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आज के कार्यक्रम में नशे की लत से पीड़ित व्यक्ति के जीवन में आने वाली कठिनाइयों और चुनौतियों के साथ-साथ नशा छोड़ने के उसके संघर्ष और सफलता के अनुभवों को साझा किया।

यह सुनकर स्पष्ट होता है कि नशा किस प्रकार किसी व्यक्ति का जीवन बर्बाद कर देता है। राज्य सरकार नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान के साथ कदम से कदम मिलाकर मुहिम चला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने आसपास, परिवार और रिश्तेदारों में नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्तियों को नशे से मुक्त कराने के लिए आगे आने का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त और मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए हम सब संकल्प बद्ध हों। सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स से लोगों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजन और मातृशक्ति पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया। माताओं-बहनों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के लिए जय घोष के माध्यम से उत्साह और अभिवादन का प्रकटीकरण करते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बड़ी माला पहनाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लिए आभार माना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल और स्वेटर तथा माता बहनों को स्वेटर वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दिव्यांगजन के साथ सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग जन की शारीरिक सीमाएं सीमित हो सकती हैं, लेकिन प्रतिभाओं की कोई सीमा नहीं होती।

इस संदर्भ में उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, महाकवि सूरदास जी, जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी, स्टीफन हॉकिंग और संगीतकार रवीन्द्र जैन की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए दिव्यांगजन को अपने जीवन में सकारात्मक के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगता की श्रेणियों को सात से बढ़ाकर 21 करना महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है।

इन 21 प्रकार की दिव्यांगताओं को शामिल करते हुए राज्य सरकार द्वारा पेंशन, शिक्षा, प्रोत्साहन, विवाह सहायता, खेलकूद और सिविल सेवाओं में प्रोत्साहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं एवं सहयोग प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, दिव्यांगजन तथा माताएं-बहने उपस्थित थीं।

🎙️ जनता का संदेश का मत

नशे की लत से जूझते व्यक्ति की कहानी हमें यह सिखाती है कि हर संघर्ष में आशा की किरण होती है। हमें नशा मुक्ति के लिए सहानुभूति, शिक्षा और समाजिक समर्थन का जाल बुनना चाहिए। नशा छोड़ने वाले के अनुभव से प्रेरणा लेकर, हम अपने परिवारों और समुदायों में जागरूकता फैलाएँ, जिससे नशे की जड़ें न उगे। इस प्रयास में हर आवाज़ मायने रखती है, और साथ मिलकर हम एक स्वस्थ, उज्ज्वल समाज का निर्माण कर सकते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।