खेल

धमतरी के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन’ का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
धमतरी के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन’ का आयोजन

धमतरी, 27 सितंबर 2026

धमतरी जिले के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ’सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखकर, इन्हें स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामाजिक संस्कारों के जीवंत सामुदायिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

इस जिलाव्यापी कार्यक्रम में मगरलोड, कुरूद, धमतरी शहरी, धमतरी ग्रामीण और नगरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रों में बच्चों की खिलखिलाहट, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और मैदानी कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 4,173 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें 541 बच्चे, 1,028 महिलाएं और 1,930 पुरुष शामिल रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों की उत्साही मौजूदगी ने इस आयोजन को एक सशक्त जन-आंदोलन का रूप दे दिया।

आयोजन के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-आधारित व रचनात्मक गतिविधियां संचालित की गईं। इसके साथ ही उपस्थित जनसमुदाय को गुणवत्तापूर्ण पोषण, स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों, स्वच्छता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में परिवार और समाज की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।