धान खरीदी के साथ उपार्जित धान की सुरक्षा पर प्रशासन सतर्क, दुर्ग के उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इसी बीच संभावित मौसमी बदलाव और बारिश की आशंका को देखते हुए दुर्ग जिला प्रशासन ने उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान को बारिश, नमी और तेज हवाओं से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग के सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने अंडा, चंद्रखुरी और कुथरेल धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान के सुरक्षित भंडारण और मौसम से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है। वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए डनेज यानी चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा उपार्जन केंद्रों के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था, नालियों की सफाई और बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम में भी उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखना और उसे सुरक्षित रखना है।
सभी 123 सहकारी समितियों के उपार्जन केंद्रों की निगरानी
जिले की 123 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा इंतजामों की नियमित निगरानी की जा रही है। धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही खाद्य अधिकारियों को नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक शनिवार और रविवार को सभी उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया है। इस दौरान कैप कवर, डनेज, तिरपाल, जल निकासी और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा।
जिले में 1.23 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में दुर्ग जिले में कुल 1,15,933 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनके लिए कुल पंजीकृत रकबा 1,16,545.29 हेक्टेयर है। जिले में निर्धारित धान खरीदी लक्ष्य 6,34,261.09 मीट्रिक टन के मुकाबले अब तक 12,324.64 मीट्रिक टन मोटे धान की खरीदी की जा चुकी है।
जिला प्रशासन का जोर धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर भी है, ताकि किसानों की उपज को प्रतिकूल मौसम से बचाया जा सके और समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
बाइट - सुनील कुमार वर्मा, सीईओ, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग