धनतेरस पर मुरैना के ग्राम करुआ में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का विशेष अभियान, सीएम डॉ. मोहन यादव कराएंगे स्वामित्व दस्तावेजों का पंजीयन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी कार्यक्रम में होंगे शामिल, प्रदेश में अब तक 17.09 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी;
15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियों का लक्ष्य
भोपाल, नवंबर 05: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस के शुभ अवसर पर मुरैना जिले के ग्राम करुआ में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत आयोजित स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान में शामिल होंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों के स्वामित्व दस्तावेजों का पंजीयन कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्तियों का वैधानिक अधिकार दिलाने के उद्देश्य से धनतेरस पर प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चयनित गांवों में मंत्री, सांसद और विधायक की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रदेश में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अब तक 17 लाख 9 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। राज्य शासन ने 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्थित मकानों और अन्य संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार मिलेगा। साथ ही संपत्ति के आधार पर बैंक ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करना भी आसान होगा।