धार में डायल-112 जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचाया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डायल-112 जवानों ने धार में त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचाया, मुरैना में घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार एवं संरक्षण के लिए वन विभाग को सौंपा
भोपाल - मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा संकट की घड़ी में त्वरित सहायता के साथ मानव जीवन और बेजुबान वन्यजीवों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। धार जिले में डायल-112 जवानों ने फांसी लगाने का प्रयास कर रही महिला को समय रहते सुरक्षित बचाया, वहीं मुरैना जिले में कुत्तों के काटने से घायल हुए नीलगाय के बच्चे को सुरक्षित वन विभाग के सुपुर्द कर उपचार एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की।
धार : फांसी लगाने का प्रयास कर रही महिला को सुरक्षित बचाया
धार जिले के थाना सादलपुर क्षेत्र के ग्राम भिड़ोता खुर्द में 25 नवंबर 2026 को पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते एक महिला के फांसी लगाने का प्रयास करने की सूचना डायल-112 पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही FRV टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर महिला फांसी के फंदे पर लटकने का प्रयास कर रही थी।
डायल-112 के सैनिक श्री बहादुर गामड़ एवं पायलट श्री अरुण भाबर ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल महिला को सुरक्षित बचाया। इसके बाद महिला एवं उसके पति को समझाइश दी गई तथा दोनों के बीच बातचीत कराकर आपसी सहमति से विवाद का निराकरण कराया गया। डायल-112 जवानों की त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन की रक्षा संभव हुई।
मुरैना : घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार एवं संरक्षण के लिए वन विभाग को सौंपा
मुरैना जिले के थाना अम्बाह क्षेत्र के ग्राम मेहराकी में 26 नवंबर को कुत्तों के काटने से नीलगाय का एक बच्चा घायल होने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सुबह प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात डायल-112 FRV को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक श्री देवेंद्र बोहरे एवं पायलट श्री ऋषिकेश ने मौके पर पहुंचकर पाया कि नीलगाय का बच्चा जंगल से अपने झुंड से बिछड़कर गांव में आ गया था और कुत्तों के काटने से घायल हो गया था। ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाने के बाद पुलिस सहायता के लिए सूचना दी थी।
डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल नीलगाय के बच्चे को सुरक्षित FRV वाहन से वन विभाग की अम्बाह फॉरेस्ट चौकी पहुंचाया और उपचार एवं संरक्षण के लिए वन अधिकारी के सुपुर्द किया। वर्तमान में वन विभाग द्वारा घायल नीलगाय के बच्चे का उपचार किया जा रहा है।
दोनों घटनाओं में डायल-112 जवानों ने समय से मौके पर पहुंचकर तत्परता, सूझबूझ एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही जीवन रक्षा एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी प्रतिबद्ध है।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
धार जिले में डायल‑112 जवानों ने एक फांसी लगाने की कोशिश कर रही महिला को समय रहते सुरक्षित बचाया और घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार हेतु वन विभाग को सौंपा। यह घटना दिखाती है कि 112 सेवा न केवल आपातकालीन चिकित्सा सहायता देती है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभा सकती है। ऐसी त्वरित कार्रवाई से न केवल मानवीय जीवन बचता है, बल्कि वन्य जीवों के प्रति समाज की जागरूकता भी बढ़ती है। इस प्रकार की घटनाएँ जनता को 112 सेवा के व्यापक दायरे के प्रति भरोसा दिलाती हैं और आपातकालीन प्रतिक्रिया के महत्