धरमापारा में पंचायत स्तरीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भास्कर न्यूज | माकड़ी शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर ग्राम पंचायत बालोंड के धरमापारा में दो दिवसीय पंचायत स्तरीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। ग्रामवासियों और युवा टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
इसमें बस्तर संभाग की विभिन्न टीमें शामिल होकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देना और आपसी भाईचारे के साथ खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार: प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 8,001 रुपए, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 4,001 रुपए, तृतीय स्थान की टीम को 2,501 रुपए और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1,001 रुपए दिए जाएंगे।
सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जनपद सदस्य पन्नालाल नेताम, अनंत जैन, ग्राम पंचायत की सरपंच शकुंतला मरकाम, पूर्व सरपंच मनीराम मरकाम, पांचिया चौहान और पटेल सियाराम नेताम सहित ग्राम के गायता, पुजारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामवासियों और युवाओं की इस संयुक्त पहल से ग्रामीण अंचल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने में भी सहायक होंगे।
📡 स्रोत: NewsData.io