राज्य

धर्मशाला में 16 और 17 अक्तूबर को होगा ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
धर्मशाला में 16 और 17 अक्तूबर को होगा ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन

जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री होंगे शामिल, देशभर के करीब 100 विशेषज्ञ करेंगे नवाचारों पर मंथन

अक्तूबर 15,कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में 16 और 17 अक्तूबर को "भारत में ई-गवर्नेंस सुधार" विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्र और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ नेताओं, अधिकारियों, वैज्ञानिकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों सहित करीब 100 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

सम्मेलन का उद्देश्य ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, प्रशासनिक सुधारों और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा करना है। जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

दो दिनों के दौरान पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से किए गए नवाचारों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श होगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग तथा प्रदेश सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतिभागियों के ठहरने, परिवहन, आयोजन स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन ई-गवर्नेंस से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने और भविष्य की कार्य योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

साथ ही, राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से धर्मशाला की पहचान को मजबूती मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बाईट: हेमराज बैरवा, जिलाधीश कांगड़ा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।