धर्मशाला में राज्य स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स मीट का समापन, युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा बोले: युवा नशे से दूर रहकर खेलों में आजमाएं अपनी प्रतिभा, प्रदेश और देश का नाम करें रोशन
अक्तूबर 28, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र एवं छात्रा एथलेटिक्स मीट के समापन समारोह में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी भी मौजूद रही। अनुराग शर्मा ने कहा कि कांगड़ा और धर्मशाला की मनमोहक वादियों में तीन दिवसीय खेल आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
युवा खिलाड़ियों को इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेनी चाहिए और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को शिमला में कबड्डी खिलाड़ियों को बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों को रोजगार देने की घोषणा को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग शर्मा ने भाजपा पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि खड़गे ने अपनी बात मुहावरे के अंदाज में कही थी, जबकि इससे पहले भाजपा के नेताओं की ओर से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक संवाद में मर्यादा की बात करने वालों को पहले अपने नेताओं के बयानों पर भी विचार करना चाहिए।
जसवां परागपुर के राजनीतिक समीकरणों पर अनुराग शर्मा ने कहा कि विपक्ष को पहले अपनी राजनीतिक जमीन का आकलन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जसवां परागपुर में कांग्रेस के 44 प्रधान, 16 बीडीसी सदस्य और तीन जिला परिषद सदस्य जीते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जसवां परागपुर से कांग्रेस का उम्मीदवार जीत हासिल करेगा।
समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनानी चाहिए।