देश

दीपाथून मामले में आदेश की अवहेलना पर SC सख्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दीपाथून मामले में आदेश की अवहेलना पर SC सख्त

नवंबर 27, नई दिल्ली: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर के चर्चित 'दीपाथून' मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत के आदेश पर अमल न करने के चलते दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी और मदुरै के डीएम समेत 11 शीर्ष अधिकारियों और मंदिर ट्रस्टियों को अवमानना नोटिस जारी किया है।सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह जानबूझकर अदालत के आदेश की अवहेलना का मामला दिखता है।

कोर्ट ने मदुरै के डीएम की प्रारंभिक रिपोर्ट और माफीनामे को सिरे से खारिज करते हुए तीखी टिप्पणी की कि 'यह माफीनामा सिर्फ घड़ियाली आंसू हैं'। कोर्ट ने नोटिस जारी किए गए सभी अधिकारियों को अगली सुनवाई की तारीख पर व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को अंतरिम तौर पर मंदिर के कामकाज से हटा दिया है।

अदालत ने तत्काल प्रभाव से मंदिर प्रशासन की कमान संभालने के लिए दो रिटायर्ड जजों- मेघालय हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व जज जस्टिस वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है।कोर्ट ने निर्देश दिया है कि रिसीवर कल यानी 28 नवंबर को दीपाथून पर दीपक जलाना सुनिश्चित करेंगे।

साथ ही, मंदिर और दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था CRPF कमांडेंट मदुरै को अपने नियंत्रण में लेने का आदेश दिया गया है, और यह भी स्पष्ट किया गया है कि मंदिर जाने वाले श्रद्धालु दरगाह से 50 मीटर के घेरे में नहीं जाएंगे।

फोटो- सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।