दीपावली पर अलीगढ़ की मूर्तियों का 100 करोड़ का कारोबार:महंगे पीतल ने घटाए ऑर्डर, भारतीय बाजार से 50 करोड़ के ऑर्डर, विदेशी निर्यात भी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →दीपावली पर देश-दुनिया के घरों में लक्ष्मी-गणेश विराजे तो इनमें अलीगढ़ के कारीगरों की कारीगरी भी चमकी। शहर में बनी पीतल की मूर्तियों ने इस बार करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें लगभग 50 करोड़ रुपये की मूर्तियां भारतीय बाजार में बिकीं, जबकि इतने ही मूल्य का माल विदेशों में निर्यात हुआ।
खास बात यह रही कि पीतल की बढ़ती कीमतों ने कारोबारियों के ऑर्डर का गणित बिगाड़ दिया। महंगे कच्चे माल के चलते ऑर्डरों में कमी आई, लेकिन घरेलू और विदेशी बाजार की मांग ने कारोबार को 100 करोड़ रुपये के आसपास बनाए रखा। आस्था के साथ अलीगढ़ की कारीगरी का भी बाजार दीपावली पर मूर्तियों की खरीदारी सिर्फ पूजा के लिए लक्ष्मी-गणेश तक सीमित नहीं रही।
लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की सजावट के लिए भी पीतल के धार्मिक और कलात्मक उत्पाद खरीदे। अलीगढ़ में तैयार मूर्तियों की पहचान उनकी ढलाई, बारीक डिजाइन और फिनिशिंग से है। यहां कॉपर, पीतल और जस्ता मिश्रित धातु से मूर्तियां तैयार की जाती हैं। कई मूर्तियां अंदर से खोखली होती हैं, जिससे उनका वजन नियंत्रित रहता है।
50 करोड़ का घरेलू बाजार, इतने का ही निर्यात इस दीपावली अलीगढ़ के मूर्ति कारोबार का बाजार लगभग बराबर दो हिस्सों में बंटा रहा। - 50 करोड़ रुपये: देश के विभिन्न राज्यों में मूर्तियों और पूजा सामग्री की बिक्री। - 50 करोड़ रुपये: विदेशी बाजार में मूर्तियों और आर्टवेयर उत्पादों का निर्यात।
- 100 करोड़ रुपये: दीपावली के अवसर पर कुल अनुमानित कारोबार। - करीब 35 निर्यातक: विदेशी बाजार के लिए माल तैयार कराने और भेजने में सक्रिय। - करीब 50 बड़े निर्माता: मूर्ति निर्माण के कारोबार से जुड़े। - करीब 500 इकाइयां: ढलाई, वेल्डिंग, पॉलिश और मैन्युफैक्चरिंग का काम। - करीब 50 हजार लोगों की रोजी-रोटी: प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से उद्योग पर निर्भर।
- करीब 5 हजार करोड़ के सालाना का है अलीगढ़ से देशी-विदेशी बाजार में कारोबार। पीतल महंगा, खरीदारों ने घटाए ऑर्डर कारोबारियों के लिए इस बार सबसे बड़ी चुनौती पीतल की कीमतें रहीं। कच्चा माल महंगा होने से मूर्तियों की उत्पादन लागत बढ़ गई। इसका असर नए ऑर्डरों पर भी पड़ा। पहले जितनी संख्या में ऑर्डर मिलते थे, इस बार महंगाई के चलते उनमें कमी आई।
महंगी मूर्तियों के बजाय कुछ खरीदारों ने छोटे आकार और कम वजन वाले उत्पादों को प्राथमिकता दी। निर्माताओं के सामने लागत और बाजार में प्रतिस्पर्धी कीमत बनाए रखने की दोहरी चुनौती रही। लक्ष्मी-गणेश से लेकर कुबेर और श्रीयंत्र तक मांग अलीगढ़ के कारखानों में केवल पारंपरिक पूजा की मूर्तियां ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सजावटी उत्पादों की लंबी रेंज तैयार होती है।
- श्रीगणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं। - माता दुर्गा और सरस्वती की मूर्तियां। - श्रीराम दरबार और हनुमान जी। - श्रीकृष्ण-राधा और भगवान शिव। - कुबेर जी और श्रीयंत्र। - पीतल के दीपक और पूजा की थालियां। - पूजा मंदिर, सिंहासन और घंटियां। - घरों और प्रतिष्ठानों के लिए सजावटी आर्टवेयर। अमेरिका से दुबई तक अलीगढ़ की पहुंच अलीगढ़ में बनी मूर्तियों का बाजार देश के कई राज्यों में फैला है।
दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तक इनकी आपूर्ति होती है। विदेशी बाजार में अमेरिका, कनाडा, दुबई, इंग्लैंड, जर्मनी, फ्रांस और सिंगापुर में रहने वाले भारतीय परिवारों के बीच इनकी मांग है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये भी अलीगढ़ के उत्पाद देश-विदेश के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।
घर-घर बंटा काम, हजारों हाथों से तैयार होती हैं मूर्तियां इस उद्योग की खासियत यह है कि एक मूर्ति तैयार होने में कई कारीगरों का हुनर लगता है। शहर के सासनी गेट, जयगंज, सराय भूखी, भुजपुरा, पला रोड और बिहारी नगर समेत कई इलाकों में यह काम फैला है। किसी घर में ढलाई होती है तो कहीं वेल्डिंग, पॉलिश और फिनिशिंग की जाती है।
छोटे कारखानों और घरेलू इकाइयों में मजदूरी पर काम करने वाले कारीगर भी इस कारोबार की अहम कड़ी हैं। बड़े निर्माता और निर्यातक ऑर्डर के अनुसार अलग-अलग इकाइयों से माल तैयार कराकर उसकी फिनिशिंग और पैकिंग कराते हैं। मूर्तियों की कीमत उनके वजन, डिजाइन और फिनिशिंग के आधार पर तय होती है। कारोबार एक नजर में ये भी -1400 से 1900 रुपये किलो तक मूर्तियों की रेंज - सामान्य मूर्तियां करीब 1300 रुपये प्रति किलो तक।
- बेहतर फिनिशिंग वाली मूर्तियां 1400 रुपये प्रति किलो तक। - सुपरफाइन गुणवत्ता की मूर्तियां 1900 रुपये प्रति किलो तक। - छोटी पूजा मूर्तियों से लेकर बड़े सजावटी पीस तक अलग-अलग रेंज उपलब्ध। सालभर चलता है कारोबार, त्योहारों पर बढ़ती है रफ्तार मूर्ति उद्योग में काम केवल दीपावली तक सीमित नहीं रहता।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से इसकी रफ्तार बढ़ने लगती है। इसके बाद नवरात्र और दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की मांग बढ़ती है। विदेशी बाजार में क्रिसमस के लिए भी पीतल के सजावटी और गिफ्ट आइटम के ऑर्डर मिलते हैं। यही वजह है कि निर्माता त्योहारों के साथ-साथ विदेशी खरीदारों की मांग के अनुसार भी उत्पादन करते हैं।
इस बार दीपावली पर महंगाई का असर कारोबार पर जरूर दिखाई दिया है। पिछले वर्षों के मुकाबले बिक्री कुछ हल्की रही, लेकिन मूर्तियों की डिमांड अच्छी थी। ग्राहकों की मांग के मुताबिक लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां तैयार कराई गईं और सभी ऑर्डर समय से पूरे कर बाजार में भेज दिए। लोगों ने बजट के हिसाब से खरीदारी की, लेकिन त्योहार को लेकर उत्साह में कमी नहीं रही।
-सुशील मित्तल, निर्यातक महंगाई के चलते इस बार दीपावली पर कारोबार में थोड़ी नरमी रही। कच्चे माल से लेकर मूर्तियां बनाने और उनकी सजावट तक की लागत बढ़ी है। इसका असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ा। हालांकि लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की अच्छी मांग रही। जितने ऑर्डर मिले, उन्हें समय से तैयार कर बाजार में भेज दिया।
डिमांड अच्छी होने के बावजूद महंगाई के कारण कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। -कोमल कटारा, मूर्ति निर्यातक
📡 स्रोत: NewsData.io