राज्य

दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा

दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जयपुर ग्रामीण में खाद्य सुरक्षा टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों से मावा बर्फी, कलाकंद, मिश्री मावा, रसगुल्ले और घी सहित कुल 10 नमूने लिए गए।

06 नवम्बर,जयपुर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जयपुर ग्रामीण के बस्सी और जोबनेर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर कुल 10 नमूने लिए हैं। इनमें मावा बर्फी, कलाकंद, मिश्री मावा, रसगुल्ले और घी के नमूने शामिल हैं। टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां बेचने के निर्देश भी दिए हैं।

दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी है। इसी कड़ी में जयपुर ग्रामीण के बस्सी क्षेत्र में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने बस्सी बस स्टैंड स्थित श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई और श्रीराम मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी के नमूने लिए।

वहीं गंगाधाम मोड़ स्थित लाल जी जोधपुर स्वीट्स से मिश्री मावा तथा तूंगा रोड स्थित शर्मा स्वीट्स एंड लोटस पार्लर से मावा, कलाकंद और घी के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए।

खाद्य सुरक्षा टीम ने बस्सी क्षेत्र में करीब एक दर्जन दुकानों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयां तैयार करने में अच्छी गुणवत्ता वाले मावे का इस्तेमाल करने, फूड कलर का सीमित मात्रा में उपयोग करने और खराब या दूषित मिठाइयों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और दुकान पर फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने के लिए भी पाबंद किया गया।

इसी अभियान के तहत जोबनेर क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। टीम ने पन्ना मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, जोधाना मिष्ठान भंडार से कलाकंद और शिव शक्ति मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा के नमूने लिए। इसके अलावा श्रीराम स्वीट्स का निरीक्षण कर संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई में बस्सी और जोबनेर क्षेत्र से कुल 10 नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष अभियान अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर दीपावली के मद्देनजर चलाया जा रहा है।

त्योहारी सीजन में मिठाइयों की खरीदारी के दौरान उनकी गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मिलावट पर रोक लगाने के साथ आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।