अपराध

दीपावली की रात उज्जैन की सड़कों पर निकले CM मोहन यादव, नागरिकों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दीपावली की रात उज्जैन की सड़कों पर निकले CM मोहन यादव, नागरिकों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

उज्जैन। दीपावली के पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार रात अपने गृह नगर उज्जैन के नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने फ्रीगंज, शहीद पार्क, टावर चौक, तंबाकू बाजार, संदीपनी चौराहा और माता मंदिर चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। जगह-जगह नागरिकों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के साथ फोटो और सेल्फी भी खिंचवाई। बच्चों से मुलाकात कर उन्हें दुलार किया और आशीर्वाद दिया।

फ्रीगंज क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग प्रजापति दंपति से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिठाई भेंट की। इसके बाद वे गन्ने की दुकान पर रुके और गन्ने का रस पिया। उन्होंने दुकानदार मोहन और ललित भाटी को रस की कीमत भी चुकाई। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया।

नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय सिख गुरुद्वारे पहुंचे और मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गुरुजी की महिमा का वर्णन भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हृदय अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। उन्होंने स्वच्छता मित्रों का सम्मान करते हुए उन्हें मिठाई और उपहार भी भेंट किए। भ्रमण के अंत में मुख्यमंत्री श्री गणेश मंदिर और चामुंडा माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

------1. दीपावली पर उज्जैन की सड़कों पर CM का भ्रमण – फ्रीगंज से टावर चौक तक नागरिकों से की मुलाकात।

  1. फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से स्वागत – मुख्यमंत्री ने लोगों के साथ खिंचवाई फोटो और सेल्फी।
  2. दिव्यांग दंपति का जाना हालचाल – बच्चों को दुलार किया, दुकानदारों से भी की मुलाकात।
  3. गुरुद्वारे में टेका मत्था – हृदय अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
  4. स्वच्छता मित्रों को मिठाई और उपहार – गणेश मंदिर और चामुंडा माता मंदिर में किए दर्शन-पूजन।
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।