व्यापार

दीपावली पर रोशनी से जगमगाया भीलवाड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दीपावली पर रोशनी से जगमगाया भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही, वहीं शाम को लक्ष्मी पूजन के बाद शहरवासी आकर्षक सजावट देखने बाजारों में पहुंचे। नगर निगम की ओर से स्टेशन चौराहे और डॉ. अंबेडकर सर्कल पर महालक्ष्मी की महाआरती एवं भजन संध्या आयोजित की गई। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल और विधायक अशोक कोठारी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

भीलवाड़ा, 9 नवंबर। दीपावली का पर्व... रोशनी, आस्था और खुशियों का संगम। राजस्थान के भीलवाड़ा में भी दीपोत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, तो शाम होते ही शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन के बाद लोगों ने बाजारों की आकर्षक सजावट का आनंद लिया।

वहीं नगर निगम की ओर से आयोजित महालक्ष्मी की महाआरती और भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भीलवाड़ा में दीपावली को लेकर सुबह से ही उत्सव का माहौल नजर आया। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। शाम को घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी का पूजन किया गया।

इसके बाद शहरवासी बाजारों की रौनक देखने निकले। महारानी कॉम्प्लेक्स, गोल प्याऊ चौराहा, नेताजी सुभाष मार्केट, मशीनरी मार्केट और बालाजी मार्केट सहित प्रमुख बाजार आकर्षक रोशनी से सजाए गए। रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी सामान से सजे बाजारों ने लोगों का ध्यान खींचा। जगह-जगह बनाए गए सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे।

दीपावली के अवसर पर नगर निगम की ओर से भी विशेष आयोजन किए गए। स्टेशन चौराहे और डॉ. अंबेडकर सर्कल पर महालक्ष्मी की महाआरती और भजन संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि और नगर निगम के पार्षद शामिल हुए। भक्ति संगीत और भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी के जयकारे लगाए।

महाआरती के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी सभी के जीवन में यश, वैभव, धन-धान्य और सुख-शांति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा शांति के साथ विकास की नई ऊंचाइयां छुए। साथ ही नगर निगम की ओर से आयोजित भव्य महालक्ष्मी आरती की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन पूरे प्रदेश में भीलवाड़ा की विशेष पहचान बनेगा।

वहीं विधायक अशोक कोठारी ने भी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, अध्यात्म और आनंद लेकर आए। उन्होंने शहरवासियों के बीच प्रेम और स्नेह बनाए रखने तथा सभी के स्वस्थ और प्रसन्न रहने की कामना की। विधायक ने डॉ. अंबेडकर सर्कल पर नगर निगम की ओर से आयोजित दिव्य महाआरती को सराहनीय पहल बताया।

दीपावली के मौके पर भीलवाड़ा के बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर दीपोत्सव की खुशियां मनाईं। रोशनी से सजे बाजार, भक्ति से सराबोर महाआरती और परिवारों के साथ त्योहार मनाने का उत्साह... इन सबने भीलवाड़ा की दीपावली को खास बना दिया।

बाइट – दामोदर अग्रवाल, सांसद, भीलवाड़ा बाइट – अशोक कोठारी, विधायक, भीलवाड़ा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।