राजनीति

दिसंबर में नॉर्थ जोन का अधिवेशन करवाने की तैयारी, होटलों की ऑक्युपेंसी बढ़ाने पर जोर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दिसंबर में नॉर्थ जोन का अधिवेशन करवाने की तैयारी, होटलों की ऑक्युपेंसी बढ़ाने पर जोर

अक्तूबर 16,कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आज सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला में मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी घोषित करने के बाद सरकार का प्रयास है कि यहां क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित किए जाएं।

इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय होटल कारोबारियों को भी लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि दिसंबर में धर्मशाला में नॉर्थ जोन का अधिवेशन आयोजित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कांगड़ा को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और यहां होटलों की ऑक्युपेंसी बढ़ाना है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात के दौरान उन्होंने धर्मशाला में राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित करने का आग्रह किया था। उन्हें खुशी है कि ई-गवर्नेंस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के करीब 100 आईएएस अधिकारी भाग ले रहे हैं। ऐसे आयोजनों से धर्मशाला और कांगड़ा की पहचान देशभर में मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार धर्मशाला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पर्यटन सीजन के दौरान होटलों की ऑक्युपेंसी को 70 से 75 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सम्मेलन और अन्य बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय कारोबारियों को अधिक अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को नई गतिविधियों से जोड़ने के लिए धर्मशाला में स्केटिंग परियोजना विकसित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सरकार किसी भी परियोजना का शिलान्यास या उद्घाटन तभी करेगी, जब उसमें 20 से 30 प्रतिशत तक काम हो चुका होगा। केवल शिलान्यास कर पत्थर लगाने के बजाय परियोजनाओं को धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है।

इसके लिए बजट की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। नए जिलों के गठन और प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार ने इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग में उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, निदेशक भू-अभिलेख, वरिष्ठ अधिवक्ता और सेवानिवृत्त नौकरशाह को शामिल किया गया है।

आयोग जिलों, उपमंडलों, तहसीलों और ब्लॉकों के पुनर्गठन की संभावनाओं का अध्ययन करेगा। उन्होंने कहा कि किसी नई प्रशासनिक इकाई का गठन होगा या नहीं, इसका निर्णय आयोग की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए कदम उठाए गए हैं।

टांडा मेडिकल कॉलेज में करीब 20 वर्षों के बाद सीनियर रेजिडेंटशिप शुरू की गई है। उनके अनुसार, पिछले साढ़े तीन वर्षों में संस्थान की व्यवस्थाओं में करीब 60 प्रतिशत सुधार हुआ है। हालांकि, पुरानी मशीनों को बदलने सहित अन्य सुधारों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा की सीटें बढ़ाकर 320 की गई हैं।

इससे चिकित्सकों को विशेषज्ञता हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में प्रदेश शिक्षा की गुणवत्ता के आकलन में 21वें स्थान पर था, जबकि वर्ष 2025 में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। धर्मशाला की खराब सड़कों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जा रहा है और सड़कों की स्थिति सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम ने कहा कि सरकार का चार साल का कार्यकाल 11 दिसंबर को पूरा होगा। इस अवसर पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।