अपराध

दिवाली पर अलर्ट अग्निशमन विभाग, धर्मशाला में 24 घंटे तैनात रहेंगी टीमें

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दिवाली पर अलर्ट अग्निशमन विभाग, धर्मशाला में 24 घंटे तैनात रहेंगी टीमें

नवंबर 06, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): दिवाली के त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए अग्निशमन विभाग धर्मशाला ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति और अग्निकांड से निपटने के लिए विभाग की टीमें 24 घंटे अलर्ट रहेंगी। इसके लिए दो शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

उप अग्निशमन अधिकारी धर्मशाला राजेश गुप्ता ने प्रदेशवासियों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पटाखों की दुकानों के संचालन के लिए उपमंडल अधिकारी की ओर से एनओसी जारी की गई है। इसके तहत चार स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां खुले स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे सुरक्षा के मद्देनजर अपनी दुकानों पर पानी और रेत की उचित व्यवस्था रखें, ताकि किसी भी छोटी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।

राजेश गुप्ता ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सूखी घास और खुले स्थानों पर आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है। इसलिए पटाखों का इस्तेमाल हमेशा खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी आगजनी की घटना होती है तो बिना देरी किए अग्निशमन विभाग को सूचित करें।

दिवाली के दौरान पटाखों की दुकानों और संबंधित क्षेत्रों में विभाग की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।