दिवाली पर धर्मशाला अस्पताल पहुंचे बर्न्स के करीब 20 मामले, 13 वयस्क और 6 बच्चे शामिल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
धर्मशाला : दिवाली और छोटी दिवाली के दौरान आतिशबाजी के चलते झुलसने के करीब 20 मामले जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार के लिए पहुंचे। इनमें 13 वयस्क और 6 बच्चे शामिल हैं। वहीं, एक बच्ची ने दिवाली के अगले दिन सुबह अस्पताल में रिपोर्ट किया। राहत की बात यह रही कि अधिकांश मामले मामूली रूप से झुलसने के थे और सभी मरीजों का उपचार जोनल अस्पताल धर्मशाला में ही किया गया। हालांकि, इलेक्ट्रिक बर्न के एक मामले में बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा।
यह जानकारी जोनल अस्पताल धर्मशाला की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) डॉ. अनुराधा शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखे चलाते समय बरती गई लापरवाही के कारण कई लोग झुलसने का शिकार हुए। ज्यादातर मरीजों के हाथों में चोट आई है, जबकि एक-दो मामलों में शरीर के अन्य हिस्सों में भी जलने की शिकायत सामने आई।
डॉ. अनुराधा शर्मा ने लोगों से अपील की कि दिवाली सहित अन्य त्योहारों के दौरान आतिशबाजी करते समय सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि आजकल कपड़ों में सिंथेटिक फाइबर का अधिक इस्तेमाल होता है, जो जल्दी आग पकड़ सकता है। ऐसे में पटाखे चलाते समय ढीले और ज्वलनशील कपड़े पहनने से बचना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न चलाने दें। आतिशबाजी के दौरान किसी वयस्क का साथ रहना जरूरी है। पटाखे हमेशा घरों और आबादी से सुरक्षित दूरी पर चलाएं। उन्होंने कहा कि उत्साह में आकर हाथ में पटाखे पकड़कर चलाना बेहद खतरनाक हो सकता है। पटाखों को जमीन पर रखकर सुरक्षित दूरी से ही जलाना चाहिए।
झुलसने पर तुरंत ठंडे पानी से करें प्रभावित हिस्से की सिंकाई
डॉ. शर्मा ने बताया कि यदि पटाखे चलाते समय कोई व्यक्ति झुलस जाता है तो सबसे पहले प्रभावित हिस्से को सामान्य ठंडे बहते नल के पानी के नीचे रखना चाहिए, ताकि जलन और गर्मी का असर कम हो सके। इसके लिए बर्फ या अत्यधिक ठंडे पानी का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। गंभीर रूप से जलने की स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि घर में प्राथमिक उपचार से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखें, लेकिन गंभीर जलने की स्थिति में घरेलू उपचार पर निर्भर न रहें और तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान धर्मशाला अस्पताल में लगभग 20 बर्न्स के मामले दर्ज हुए, जिनमें 13 वयस्क और 6 बच्चे शामिल हैं। यह विषय आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके स्वास्थ्य प्रभावों पर प्रकाश डालता है। खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाती है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा उपायों की कमी से कितने लोग घायल हो सकते हैं और अस्पतालों पर कितना दबाव पड़ता है। इससे आम जनता में जागरूकता बढ़ेगी, जिससे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन और सुरक्षित आतिशबाजी के इस्तेमाल पर बल दिया जा सकेगा।