अपराध

दिवाली पर घर लौटने वालों के लिए एचआरटीसी का विशेष इंतजाम, धर्मशाला मंडल चलाएगा 89 अतिरिक्त बसें

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दिवाली पर घर लौटने वालों के लिए एचआरटीसी का विशेष इंतजाम, धर्मशाला मंडल चलाएगा 89 अतिरिक्त बसें

धर्मशाला : दीपावली के त्योहार पर अपने घरों तक पहुंचने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला मंडल ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम की ओर से 6 और 7 नवंबर को विभिन्न रूटों पर 89 अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं।

वहीं, दिवाली के दिन भी यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न रूटों पर विशेष बस सेवाओं की व्यवस्था की गई है।एचआरटीसी धर्मशाला मंडल के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि इस बार 8 नवंबर को रविवार के दिन दीपावली होने के चलते अधिकांश लोगों की घर जाने की योजना 6 और 7 नवंबर की है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया है।

ये बसें चंडीगढ़, बद्दी, शिमला और दिल्ली सहित प्रमुख रूटों पर चलाई जाएंगी। इसके अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली में तैनात निगम के क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी यात्रियों की संख्या पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिवाली के दिन भी मिलेगी बस सुविधा

डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि दीपावली के दिन भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत जोगिंदर नगर से शाम 7 बजे दिल्ली के लिए बस रवाना होगी, जो बैजनाथ, पालमपुर, नगरोटा और कांगड़ा होते हुए चंडीगढ़ के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, जोगिंदर नगर से शाम 7:30 बजे हरिद्वार के लिए भी बस चलाई जाएगी।

यात्रियों की संख्या को देखते हुए इस बस को हरिद्वार भेजने की व्यवस्था रहेगी। इसी तरह धर्मशाला से रात 9 बजे कांगड़ा होते हुए शिमला के लिए बस रवाना होगी। जोगिंदर नगर की तरफ से शिमला जाने वाले यात्री दिल्ली रूट की बस से कांगड़ा पहुंच सकेंगे। यहां धर्मशाला से आने वाली बस उनका इंतजार करेगी।

इसके बाद रात 10 बजे कांगड़ा से दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला के लिए बसों को आगे रवाना किया जाएगा।

चंबा से भी दिल्ली और हरिद्वार के लिए बसें

चंबा से आने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। चंबा से शाम 4 से 5 बजे के बीच चलने वाली बस कांगड़ा पहुंचेगी, जहां से शिमला जाने वाले यात्री धर्मशाला-शिमला बस में सफर कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त चंबा से दोपहर 2:30 बजे हरिद्वार के लिए बस चलाई जाएगी। यात्रियों की पर्याप्त संख्या नहीं होने पर इसे नूरपुर तक भेजा जाएगा। वहीं, दोपहर 3 बजे चंबा से दिल्ली वाया पठानकोट बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। पर्याप्त सवारियां नहीं मिलने पर यह बस पठानकोट तक ही चलेगी।

9 नवंबर से वापसी के लिए भी विशेष बसें

डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि दीपावली के बाद नौकरी और अन्य कार्यों के लिए वापस लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 9 नवंबर से फिर विशेष बसें चलाई जाएंगी। निगम का प्रयास है कि त्योहार के दौरान किसी भी यात्री को परिवहन सुविधा की कमी का सामना न करना पड़े और लोग सुरक्षित अपने घरों तक पहुंचने के साथ ही समय पर अपने गंतव्य तक वापस लौट सकें। उन्होंने एचआरटीसी परिवार की ओर से प्रदेश और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

बाईट : पंकज चड्ढा डीएम एचआरटीसी धर्मशाला

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इस खबर में बताया गया है कि दिवाली के त्योहार पर हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला मंडल ने 89 अतिरिक्त बसें चलाने का विशेष इंतजाम किया है। यह विषय सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों से जुड़ा है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि दिवाली के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है और सुरक्षित तथा समय पर घर लौटने की आवश्यकता होती है। इससे आम जनता को भीड़भाड़, देरी और असुविधा से बचने में मदद मिलेगी, और परिवारों को त्योहार का आनंद बिना किसी परेशानी के लेने का अवसर मिलेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।