अपराध

दुर्गा पंडालों में सुरक्षा की हो समुचित व्यवस्थाः मुख्यमंत्री

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दुर्गा पंडालों में सुरक्षा की हो समुचित व्यवस्थाः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में लगाए गए दुर्गा पंडालों और आमजन की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। बस्ती दौरे पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री ने शासन व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा में हुई जनहानि पर शोक जताते हुए शासन, प्रशासन, पुलिस व ऊर्जा विभाग आदि के अधिकारियों को समुचित सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के संबंध में सभी पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान को निर्देश दिए कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं पंडालों में अग्नि सुरक्षा की अवश्य जांच कराएं। ⁠डीएम, कप्तान पंडालों का निरीक्षण कर एंट्री व एग्जिट पॉइंट की जांच भी सुनिश्चित करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में इमरजेंसी एग्जिट के लिए पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। विद्युत व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन व ऊर्जा विभाग के अधिकारी सुरक्षात्मक प्रबंधों का परीक्षण भी कर लें। इसमें किसी भी प्रकार की हीला-हवाली अक्षम्य होगी।

मुख्यमंत्री ने रामनवमी व विजयादशमी त्योहार पर प्रशासन, पुलिस, विद्युत, नगर निगम, नगर निकायों, पेयजल समेत संबंधित ⁠सभी विभागों के अधिकारियों को फील्ड में रहने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दुर्गा पंडालों, मार्गों आदि पर सुरक्षा, स्वच्छता के साथ ही जनसुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी यात्रा मार्गों तथा विसर्जन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, बिजली के तारों, स्वच्छता आदि से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाए। आस्था का सम्मान करें, लेकिन किसी नई परंपरा को प्रोत्साहित न करें। यह भी सुनिश्चित करें कि इस दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।