एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक कलंक को समाप्त करना सामूहिक जिम्मेदारी: अनुपम कश्यप
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उपायुक्त की अध्यक्षता में एड्स जागरूकता एवं रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
अगस्त 11, शिमला (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज शिमला में एड्स सुरक्षा (MAS), जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति (DAPCC) तथा जिला सामुदायिक संसाधन समूह की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि बैठक का उद्देश्य एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता बढ़ाने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
जिला में एचआईवी/एड्स से संबंधित जागरूकता गतिविधियों, जोखिम वाले समूहों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, परामर्श एवं जांच सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा की गई। अनुपम कश्यप ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने संबंधित विभागों और संस्थाओं को निर्देश दिए कि वह आपसी समन्वय से जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक बनाने तथा समाज के सभी वर्गों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक कलंक को समाप्त करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वह एचआईवी/एड्स से संबंधित भ्रांतियों से बचें और जरूरत पड़ने पर समय पर जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाएं। बैठक में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला में संचालित गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने एड्स की रोकथाम, जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तहसीम, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत लखनपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला स्तरीय समिति के सदस्य तथा सामुदायिक संसाधन समूह के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।