व्यापार

एडीए की सीलिंग के खिलाफ होटल कारोबारी लामबंद:होटलों पर कार्रवाई का विरोध; बोले- आज के बाद सील नहीं खुलीं तो आंदोलन, विधायक बोले- व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एडीए की सीलिंग के खिलाफ होटल कारोबारी लामबंद:होटलों पर कार्रवाई का विरोध; बोले- आज के बाद सील नहीं खुलीं तो आंदोलन, विधायक बोले- व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे

अलीगढ़ में गांधी पार्क बस स्टैंड के आसपास होटलों पर अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ होटल कारोबारी लामबंद हो गए हैं। पिछले करीब दो सप्ताह से सीलिंग के विरोध में चल रहे विरोध के बीच सोमवार को होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा कि एडीए अधिकारियों को कार्रवाई से जुड़े सभी दस्तावेज और तथ्य उपलब्ध करा दिए गए थे।

अधिकारियों ने 5 अक्टूबर तक का समय दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी सील नहीं खोली गईं। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अब सील नहीं खुलीं तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। होटल कारोबारियों का आरोप है कि एडीए की कार्रवाई के जरिए लगातार व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका कहना है कि चुनावी समय में इस तरह की कार्रवाई से सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि पूर्व में भी इस मामले की शिकायत सरकार से की जा चुकी है। यदि इस बार भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा शासन स्तर पर अपनी बात रखेंगे। विधायक बोले- 50 साल पुरानी इमारतों पर कैसे होगी कार्रवाई?

बैठक में कोल क्षेत्र के भाजपा विधायक अनिल पाराशर भी मौजूद रहे। उन्होंने व्यापारियों की बात को जायज बताते हुए कहा कि अधिकारी कोई भी हो, व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि शहर में ऐसी कई इमारतें हैं, जो एडीए के गठन से पहले की और 50-50 साल पुरानी हैं। इसके बावजूद उनमें सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जा रही है।

अलीगढ़ पुरानी बसावट वाला शहर है। यदि प्राधिकरण इसी तरह एक-एक करके इमारतों पर कार्रवाई करता रहा तो पूरे शहर की इमारतें इसकी जद में आ सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि निचले स्तर का अधिकारी हो या उच्च स्तर का, सभी को अपनी कार्यप्रणाली पर विचार करना चाहिए।

व्यापारियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह शासन में इस मामले को उठाएंगे। ‘आज अधिकारियों से बात करूंगा, नहीं माने तो शासन में रखूंगा’ विधायक अनिल पाराशर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह एडीए अधिकारियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि आज वह अधिकारियों से इस मामले में बात करेंगे।

यदि अधिकारी बात नहीं मानते हैं तो मामले को शासन स्तर पर रखा जाएगा। होटल कारोबारियों के साथ आईएमए और कोचिंग एसोसिएशन भी होटल कारोबारियों के आंदोलन को अब आईएमए और कोचिंग एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है। बैठक में दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ खड़े होने की बात कही।

आईएमए ने शहर के अस्पतालों से जुड़ी एडीए की कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए होटल कारोबारियों की मांगों का समर्थन किया। वहीं कोचिंग एसोसिएशन ने भी प्राधिकरण की कार्रवाई को लेकर होटल एसोसिएशन के आंदोलन में साथ देने की बात कही। इस तरह एडीए की कार्रवाई के खिलाफ होटल कारोबारियों की आवाज को अब शहर के अस्पताल और कोचिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों का भी समर्थन मिल गया है।

बैठक में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मानन महाजन, पंकज धीरज, विवेक बगई, परमित गुप्ता, आईएमए अध्यक्ष डॉ.

भरत वास, दीपक गर्ग, राजीव अग्रवाल, अखिल गुप्ता समेत होटल, अस्पताल और कोचिंग क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने साफ कर दिया है कि आज के बाद भी सील नहीं खुलीं तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं विधायक के हस्तक्षेप के बाद अब एडीए अधिकारियों से होने वाली बातचीत को अहम माना जा रहा है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।