राज्य

एडीएम ने जसोल में जन सेवा शिविर और राजकीय विद्यालय का किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एडीएम ने जसोल में जन सेवा शिविर और राजकीय विद्यालय का किया निरीक्षण

पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश, मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्कूल में स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा

बालोतरा, 9 अक्टूबर। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने शुक्रवार को जसोल नगर पालिका में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत संचालित जन सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को शिविर में नियमित रूप से उपस्थित रहने और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा पात्र व्यक्तियों को संबंधित योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने योजनाओं की जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहे, इस दिशा में प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया।

जन सेवा शिविर के निरीक्षण के बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जसोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में सकारात्मक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

विद्यालय निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने मध्याह्न भोजन योजना के तहत संचालित रसोई का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की प्रक्रिया देखी और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही रसोई में स्वच्छता बनाए रखने, भोजन तैयार करने में साफ-सफाई के मानकों का पालन करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पर समान रूप से ध्यान देना जरूरी है। बच्चों को शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।