देश

Emmanuel Macron और Anthony Albanese समेत वैश्विक नेताओं ने दी Diwali की बधाई, शांति की कामना की

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
Emmanuel Macron और Anthony Albanese समेत वैश्विक नेताओं ने दी Diwali की बधाई, शांति की कामना की

लंदन, आठ नवंबर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई देशों के नेताओं ने रविवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और लोगों के लिए शांति, समृद्धि और एकता की कामना की। मैक्रों ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘भारत, फ्रांस और दुनियाभर में रहने वाले मेरे सभी भारतीय मित्रों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं!

इसकी रोशनी हमें हमेशा एकता, शांति और आशा बनाए रखने के लिए प्रेरित करे। ’’ कार्नी ने कहा कि पूरे कनाडा में विभिन्न समुदाय, दुनिया भर के लाखों लोगों के साथ मिलकर रोशनी का त्योहार ‘दीवाली’ मना रहे हैं। यह त्योहार अंधेरे पर रोशनी, बुराई पर अच्छाई और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर की गई एक पोस्ट में कहा, ‘‘जो लोग दीये जलाने, साथ मिलकर भोजन करने और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का सम्मान करने के लिए एकत्र हो रहे हैं, उन सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ’’ अल्बनीज ने कहा कि दिवाली अंधकार पर ‘‘प्रकाश की विजय का महान उत्सव’’ है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे विभिन्न समुदायों को एकजुट करता है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘दीवाली के चिह्न और प्रतीक एक ऐसा संदेश देते हैं जो धर्म या संस्कृति की सीमाओं से परे है। यह करुणा और समझ, तथा प्रेम और एकता का आह्वान है। ’’ यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने कहा, ‘‘यूएई और दुनियाभर में दिवाली मना रहे सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं।

यह शुभ अवसर और आने वाला वर्ष आप सभी तथा आपके परिवारों के लिए उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। ’’ श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा कि दिवाली ‘‘अंधेरे पर प्रकाश की और अज्ञान पर ज्ञान की जीत’’ का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली का असली अर्थ केवल घरों को दीयों की रोशनी से जगमगाना नहीं है।

इसका वास्तविक अर्थ लोगों के दिलों में प्रेम, करुणा, भाईचारे और मानवता का प्रकाश जगाना है। ’’ पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हिंदू समुदाय को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिवाली ‘‘नफरत, असहिष्णुता और निराशा के अंधकार पर प्रकाश की विजय’’ का प्रतीक है।

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत तथा दुनिया भर में दिवाली मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रोशनी के इस खूबसूरत त्योहार पर आप सभी को शांति, खुशी और समृद्धि की शुभकामनाएं। ’’ सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमिनी ने कहा कि भारतीय समुदाय उनके देश के सामाजिक ताने-बाने का अभिन्न हिस्सा रहा है और उसने देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने के साथ-साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिवाली का प्रकाश हर घर को शांति, समृद्धि और खुशियों से रोशन करे तथा पूरे देश में एकता एवं सद्भाव को बढ़ावा देता रहे। ’’ मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि दिवाली को देश के विविधतापूर्ण समाज में एकता मजबूत करने और मतभेदों को दूर करने का माध्यम बनना चाहिए।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने रविवार को राजधानी बैंकॉक में भारतीय राजदूत पुनीत अग्रवाल और देश के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में 27 दिवसीय ‘अमेजिंग थाईलैंड ग्रैंड दिवाली फेस्टिवल 2026’ का उद्घाटन किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में दिवाली मनाई।

उन्होंने ओवल ऑफिस में भारतीय-अमेरिकी अधिकारियों, उद्यमियों और राजनयिकों की मौजूदगी में पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।