भोपाल

एम्स भोपाल में स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने बताया संतुलित, तनावमुक्त और सफल जीवन का मार्ग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 20 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एम्स भोपाल में स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने बताया संतुलित,  तनावमुक्त और सफल जीवन का मार्ग

मुख्य बिंदु: • एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) के सहयोग से "संतुलित, तनावमुक्त और सफल जीवन जीना" विषय पर विशेष सार्वजनिक व्याख्यान आयोजित किया गया।

• एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ) नरेन्द्र कोतवाल (रि) ने कर्म कौशलम् का महत्व बताया और विद्यार्थियों व स्वास्थ्यकर्मियों से इन सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

• मुख्य व्याख्यान वाईएसएस के वरिष्ठ संन्यासी स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने दिया। स्वामी जी ने कहा कि हर मनुष्य स्थायी सुख और आनन्द की खोज में है। उन्होंने सत्-चित्-आनन्द की अवधारणा समझाई और बताया कि सच्ची सफलता आवश्यकताओं की पूर्ति, मानसिक दृष्टिकोण और एकाग्रता में निहित है।

• उन्होंने बाहरी दुनिया में सुख खोजने के बजाय भीतर की ओर ध्यान देने, इच्छाओं और क्रोध पर नियंत्रण रखने तथा क्रिया योग अपनाने की प्रेरणा दी।

"संतुलित, तनावमुक्त और सफल जीवन जीना" विषय पर एम्स भोपाल में आयुष विभाग द्वारा योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) के सहयोग से विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। यह व्याख्यान योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) के वरिष्ठ संन्यासी स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने विषय के बारे में महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी।

कार्यक्रम के आरम्भ में एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ) नरेन्द्र कोतवाल (रि) ने अपने विचार रखे। उन्होंने कर्म कौशलम् (अर्थात अपने कर्तव्यों को श्रेष्ठता, समर्पण, कुशलता और उद्देश्य की भावना से निभाने की कला) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सच्ची सफलता केवल कार्य के परिणाम में नहीं, बल्कि उस ईमानदारी, प्रतिबद्धता और सजगता में भी है।

जिससे जिम्मेदारियां निभाई जाती हैं। (डॉ) कोतवाल ने वैज्ञानिक पक्ष का जिक्र करते हुये जीवन में संतुलन के लिये हार्मोन की महत्ता भी प्रतिपादित की। उन्होंने विद्यार्थियों और स्वास्थ्य पेशेवरों को इन सिद्धांतों को अपने शैक्षणिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन में उतारने के लिए प्रोत्साहित किया।

अपने सम्बोधन में विषय पर समग्र और महत्वपूर्ण जानकारी देते हुये वरिष्ठ संन्यासी स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने कहा कि हर मनुष्य की मूल आकांक्षा स्थायी सुख और आनन्द को पाना है। श्री श्री परमहंस योगानन्द की शिक्षाओं के आधार पर उन्होंने सत्-चित्-आनन्द की अवधारणा समझाई, जिसका अर्थ है शाश्वत अस्तित्व, शाश्वत चेतना और शाश्वत आनन्द। स्वामी जी ने कहा कि मनुष्य के जीवन में मृत्यु ही एकमात्र निश्चित सत्य है, फिर भी हमारे भीतर एक शाश्वत तत्व है जो शारीरिक अस्तित्व से परे है। हर व्यक्ति में आनन्द की स्वाभाविक खोज इसी गहरी आध्यात्मिक प्रकृति को दर्शाती है।

व्याख्यान में स्वामी जी ने सात प्रमुख संदेश दिये। पहला, उन्होंने आवश्यकता और इच्छा के अंतर को समझाया। उनके अनुसार सच्ची सफलता इच्छाओं को अंतहीन बढ़ाने में नहीं, बल्कि वास्तविक आवश्यकताओं की पूर्ति में है। संतोष के लिए यह अंतर समझना जरूरी है और अनावश्यक आवश्यकताओं से बचना चाहिए।

दूसरा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीक के तेज विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति से मन की शांति अनिवार्य रूप से नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी नवाचार को सुदृढ़ आध्यात्मिक आधार का मार्गदर्शन मिलना चाहिए।

तीसरा, उन्होंने कहा कि सुख केवल अच्छे स्वास्थ्य या अनुकूल बाहरी परिस्थितियों से तय नहीं होता। हमारा मानसिक दृष्टिकोण और सोच निर्णायक भूमिका निभाते हैं। बाहरी परिस्थितियां मूल रूप से तटस्थ होती हैं और मन ही तय करता है कि हम उन्हें कैसे अनुभव करें। उन्होंने सदैव अभाव की भावना पालने के प्रति सावधान किया।

चौथा, एकाग्रता के महत्व पर उन्होंने अपना निजी अनुभव साझा किया। शुरुआत में कंप्यूटर की जानकारी बहुत कम होने के बावजूद उन्होंने केंद्रित ध्यान और सीखने की इच्छा से कंप्यूटर कौशल सीखा। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में सफलता के लिए निरंतर एकाग्रता आवश्यक है।

पांचवां, उन्होंने प्रतिभागियों को सुख की तलाश में बाहरी दुनिया की ओर भागने के बजाय भीतर की ओर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। परमहंस योगानन्द की शिक्षाओं और उनकी पुस्तक "द साइंस ऑफ रिलिजन" का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऊर्जा और चेतना के बाहर की ओर बहाव को भीतर की ओर मोड़ने का महत्व बताया, ताकि अपने आंतरिक स्वरूप को जाना जा सके।

छठा, श्रीमद्भगवद्गीता के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने समझाया कि अनियंत्रित इच्छाएं और क्रोध विवेक को कमजोर करते हैं, मन को अशांत करते हैं और अंततः स्मृति और बुद्धि के नाश का कारण बनते हैं।

सातवां, उन्होंने क्रिया योग को एक वैज्ञानिक आध्यात्मिक विधि बताया। यह ऊर्जा और चेतना के बाहरी बहाव को भीतर की ओर मोड़ने में सहायक है। ध्यान और बाहरी जगत से अनासक्ति के माध्यम से व्यक्ति गहरी आंतरिक शांति और आध्यात्मिक जागरूकता का अनुभव कर सकता है।

स्वामी जी ने समापन में कहा कि सबसे बुद्धिमान व्यक्ति वही है जो ईश्वर की खोज अभी और यहीं से शुरू कर देता है। उन्होंने कहा कि सच्ची सफलता बाहरी उपलब्धियों या भौतिक संपत्ति से नहीं, बल्कि आंतरिक शांति, एकाग्रता, संतोष और शाश्वत आनन्द की अनुभूति से मापी जाती है।

विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों के लिये यह व्याख्यान ध्यान और आध्यात्मिक सिद्धांतों को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने की उपयोगी सीख देने वाला रहा। खासतौर पर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और व्यावसायिक सेवा की कठिन जिम्मेदारियां निभा रहे लोगों के लिए यह बहुत उपयोगी रहा।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

संतुलित, तनावमुक्त और सफल जीवन जीना" विषय पर एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया के सहयोग से सार्वजनिक व्याख्यान आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों को कर्म कौशलम् के महत्व से अवगत कराना और उन्हें जीवन में संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा सफलता के सिद्धांतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि आज के तेज़-तर्रार समाज में मानसिक स्वास्थ्य और कार्य-जीवन संतुलन की आवश्यकता बढ़ रही है। आम जनता पर इसका असर सकारात्मक रहेगा,

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।