एम्स दिल्ली की बड़ी उपलब्धि: जन्म से पहले गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Date- 14 November 2026
चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एम्स नई दिल्ली ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी की गंभीर जन्मजात विकृति की पहली ओपन फिटल सर्जरी सफलतापूर्वक की है। देश में अपनी तरह की इस पहली सर्जरी के जरिए डॉक्टरों ने जन्म से पहले ही शिशु की रीढ़ की हड्डी में मौजूद दोष को ठीक करने का प्रयास किया है।
करीब छह घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में 30 से अधिक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम शामिल रही। खास बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत परिवार को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
एम्स नई दिल्ली ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। यहां डॉक्टरों की टीम ने 12 नवंबर को गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी की गंभीर जन्मजात विकृति मायलोमेनिंगोसील की ओपन फिटल सर्जरी की। मायलोमेनिंगोसील, स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है। इस स्थिति में रीढ़ की हड्डी और उसकी झिल्लियां रीढ़ की हड्डी में मौजूद एक छेद से बाहर निकल आती हैं। इससे बच्चे को जन्म के बाद लकवा, मस्तिष्क में पानी भरने और जीवनभर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का खतरा हो सकता है।
आमतौर पर इस विकृति का ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है, लेकिन तब तक रीढ़ की हड्डी की नसों को नुकसान पहुंच चुका हो सकता है। इसी चुनौती को देखते हुए एम्स के विशेषज्ञों ने गर्भ में ही सर्जरी करने का फैसला किया। करीब छह घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में गर्भस्थ शिशु की रीढ़ के निचले हिस्से में मौजूद उस दोष को ठीक किया गया, जहां से मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को सुरक्षित रखने वाला द्रव बाहर निकल रहा था।
इस ऐतिहासिक सर्जरी को सफल बनाने के लिए न्यूरो सर्जरी, मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा, प्रसूति एवं स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात शिशु चिकित्सा विभाग के 30 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मियों ने मिलकर काम किया। सर्जरी में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद ली गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्भ में ही सर्जरी करने से कुछ चुनिंदा मामलों में शिशु की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाने, हाइड्रोसेफलस यानी मस्तिष्क में पानी भरने की समस्या का खतरा कम करने और न्यूरोलॉजिकल परिणामों में सुधार की संभावना रहती है। हालांकि, यह पूर्ण इलाज नहीं है और जन्म के बाद भी बच्चे को विशेषज्ञों की निगरानी और उपचार की जरूरत हो सकती है।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
एम्स दिल्ली ने गर्भ में 25‑सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी पर पहली ओपन फिटल सर्जरी की है, जिससे जन्मजात विकृति को जन्म से पहले ही ठीक किया गया। यह कदम चिकित्सा विज्ञान में एक नया मील का पत्थर है, क्योंकि अब जटिल शल्यक्रिया गर्भावस्था के दौरान ही संभव हो गई है। यह सफलता न केवल नवजात शिशुओं के लिए बेहतर जीवन की संभावनाएँ खोलती है, बल्कि माता‑पिता को आशा भी देती है। भविष्य में ऐसी तकनीक से समय से पहले इलाज संभव हो सकता है, जिससे स्वास्थ्य‑संकट कम होंगे और चिकित्सा लागत घटेगी।