देश

एनसीसी की 20 महिला कैडेटों ने पूरा किया 'अपराजिता-परागला 2026' का ट्रेक

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एनसीसी की 20 महिला कैडेटों ने पूरा किया 'अपराजिता-परागला 2026' का ट्रेक

राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की बीस महिला कैडेटों ने लद्दाख में 'अपराजिता-परागला 2026' उच्च पर्वतीय लंबी दूरी का ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा किया। यह कैडेट 30 दिन में लगभग 250 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए ग्लेशियर, बर्फ के मैदान और नदी घाटियों सहित अत्यधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरे। टीम ने अधिकारियों, प्रशिक्षकों, चिकित्सा कर्मचारियों और सहायक कर्मचारियों के साथ हिमाचल प्रदेश के किब्बर से लद्दाख के कारज़ोक तक की ट्रैकिंग पूरी की।

एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने आज लद्दाख के कारज़ोक में इस दल का स्वागत किया। इस अवसर पर महानिदेशक ने अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने पर कैडेटों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और सहनशक्ति विकसित करने में मदद करती हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अखिल भारतीय महिला उच्च पर्वतीय लंबी दूरी के ट्रेक का आयोजन युवा महिलाओं को साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें कठिन पर्वतीय परिस्थितियों से रूबरू कराने के लिए किया गया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अगस्त को नई दिल्ली से इस दल को रवाना किया था।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।