देश

एशियन पैरा गेम्स की पदक विजेता संजना ने पीएम मोदी से की मुलाकात

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एशियन पैरा गेम्स की पदक विजेता संजना ने पीएम मोदी से की मुलाकात

लखनऊ में एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की छात्रा संजना कुमारी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री ने एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से बातचीत की और उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।झारखंड की रहने वाली संजना विश्वविद्यालय में बीबीए की छात्रा हैं। उन्होंने जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में महिला एकल एसएल-3 वर्ग में कांस्य पदक जीता था।

इससे पहले वर्ष 2021 में बहरीन में हुए एशियन यूथ पैरा गेम्स में वह तीन स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं, अप्रैल 2026 में चेक पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया था।संजना की इस सफलता पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। कुलपति आचार्य संजय सिंह ने फोन कर उन्हें बधाई दी।

विश्वविद्यालय लौटने पर संजना का स्वागत किया जाएगा और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।कुलपति ने कहा कि संजना की उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल में आगे बढ़ने के अवसर दे रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।

संजना की सफलता से दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।