फैजुल्लागंज में राहत कार्य जारी, प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक डॉ. नीरज बोरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज क्षेत्र में उत्पन्न जलभराव की स्थिति के बीच आठवें दिन भी राहत कार्य लगातार जारी रहा। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी एवं विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान आनंद द्विवेदी एवं डॉ. नीरज बोरा ने गोमती लॉन और मेहंदी लॉन में बनाए गए रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठहरे प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक दैनिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही राहत सामग्री के वितरण एवं प्रभावित लोगों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पल पल स्थिति की जानकारी संगठन एवं प्रशासन से ले रहे हैं। संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, सुरक्षित आश्रय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। गोमती लॉन एवं मेहंदी लॉन में बनाए गए रैन बसेरों के माध्यम से प्रभावित लोगों को आश्रय उपलब्ध कराने के साथ उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा रहा है।